1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. MCD वार्ड कमेटी चुनाव में क्रॉस-वोटिंग पर AAP की बड़ी कार्रवाई, 3 पार्षद किए गए निलंबित

MCD वार्ड कमेटी चुनाव में क्रॉस-वोटिंग पर AAP की बड़ी कार्रवाई, 3 पार्षद किए गए निलंबित

 Reported By: Bhaskar Mishra Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 16, 2026 08:02 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 08:23 pm IST

आम आदमी पार्टी ने जिन तीन पार्षदों को निलंबित किया है। उनके नाम निर्मला देवी, कृष्णा राघव और सुल्ताना आबाद है। इन सभी पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते एक्शन लिया गया है।

आम आदमी पार्टी- India TV Hindi
आम आदमी पार्टी Image Source : PTI AND REPORTER INPUT

दिल्ली नगर निगम (MCD) की वार्ड कमेटी के चुनाव में पार्टी लाइन के खिलाफ क्रॉस-वोटिंग करने वाले तीन पार्षदों पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने वेस्ट जोन में चेयरमैन चुनाव और सिटी-एसपी जोन में हुए मतदान के दौरान अनुशासनहीनता के आरोप में तीन पार्षदों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

इन तीनों को पार्टी से किया गया निलंबित

आम आदमी पार्टी की ओर से जारी पत्र के अनुसार, निर्मला देवी, कृष्णा राघव और सुल्ताना आबाद को पार्टी विरोधी गतिविधियों और क्रॉस-वोटिंग के आरोप में निलंबित किया गया है। पार्टी का कहना है कि एमसीडी वार्ड कमेटी चुनाव के दौरान इन पार्षदों ने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ मतदान किया, जो संगठन के अनुशासन का गंभीर उल्लंघन है। इसी को देखते हुए उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

पार्टी विरोधी गतिविधियां 

आम आदमी पार्टी (AAP) ने स्पष्ट किया है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन के अनुशासन से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

पार्टी ने मामले की समीक्षा की

बता दें कि एमसीडी वार्ड कमेटी चुनाव के दौरान कई जोन में क्रॉस-वोटिंग की चर्चाएं सामने आई थीं। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने मामले की समीक्षा की और प्रारंभिक जांच के आधार पर तीन पार्षदों को निलंबित करने का फैसला लिया।

वार्ड कमेटियों का होता है काफी महत्व

दिल्ली नगर निगम में वार्ड कमेटियों का काफी महत्व होता है। ये समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों, स्थानीय प्रशासन और विभिन्न नगर सेवाओं से जुड़े फैसले लेती हैं। ऐसे में इनके अध्यक्ष पद पर किस पार्टी का कब्जा होगा, यह राजनीतिक रूप से अहम माना जाता है। क्रॉस-वोटिंग की वजह से यदि किसी पार्टी का उम्मीदवार हार जाता है, तो उसका सीधा असर स्थानीय सत्ता संतुलन पर पड़ता है।

दिल्ली नगर निगम राजनीति की हलचल बढ़ी

आम आदमी पार्टी (AAP) की इस कार्रवाई के बाद दिल्ली की नगर निगम राजनीति में हलचल बढ़ गई है। अब यह देखना होगा कि पार्टी आगे और कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई करती है या नहीं। वहीं, विपक्ष इस पूरे घटनाक्रम को AAP के भीतर बढ़ती असंतुष्टि का संकेत बता रहा है।

ये भी पढ़ें: 

दिल्ली में 108 स्कूल असुरक्षित चिन्हित, 7 जल्द होंगे ध्वस्त, CM ने दिए सभी पुराने स्कूलों के ऑडिट के निर्देश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।