दिल्ली हवाई अड्डे पर शुक्रवार को हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट ने एक यात्री पर हमला कर दिया। एयरलाइन ने जांच का आदेश देते हुए आरोपी पायलट को निलंबित कर दिया है। घटना के समय पायलट ड्यूटी पर नहीं था। सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
यात्री के चेहरे पर दिखा खून
यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखे पोस्ट में अपने साथ हुई घटना को शेयर किया है, जिसमें झगड़े के बाद उसके चेहरे पर खून दिख रहा था। उसने पायलट की भी तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में शेयर की है।
यात्री के रूप में यात्रा कर रहा था पायलट
एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि वह दिल्ली हवाई अड्डे पर हुई घटना से अवगत है, जिसमें उसका एक कर्मचारी, जो किसी अन्य एयरलाइन में यात्री के रूप में यात्रा कर रहा था। दूसरे यात्री के साथ झगड़े में शामिल था।
पायलट को तत्काल प्रभाव से हटाया गया
एयरलाइन ने कहा, ‘हम इस तरह के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं। संबंधित कर्मचारी को जांच रहने तक तत्काल प्रभाव से आधिकारिक कर्तव्यों से हटा दिया गया है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।’
दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर हुई ये घटना
यात्री अंकित दीवान ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर उनके साथ मारपीट की। दीवान ने कहा कि उनकी सात वर्षीय बेटी ने मारपीट की घटना देखी और वह अभी भी सदमे में है और डरी हुई है।