1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. अरविंद केजरीवाल कल खाली करेंगे सीएम आवास, जानिए कहां होगा नया ठिकाना

अरविंद केजरीवाल कल खाली करेंगे सीएम आवास, जानिए कहां होगा नया ठिकाना

 Published : Oct 03, 2024 10:18 am IST,  Updated : Oct 03, 2024 03:02 pm IST

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल अब आम आदमी पार्टी के सांसद अशोक मित्तल के घर में रहेंगे। अशोक मित्तल का घर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है।

अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल Image Source : FILE

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को सीएम आवास खाली कर देंगे। उन्होंने अपने रहने के लिए नया ठिकाना तलाश लिया है। वे आम आदमी पार्टी के सांसद अशोक मित्तल के घर में रहेंगे। अशोक मित्तल का घर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है। यह 5 फिरोजशाह रोड पर स्थित है। अरविंद केजरीवाल अपने लिए ऐसी जगह तलाश रहे थे जो न केवल उनके काम के लिए सुगम रहे बल्कि उन्हें यात्रा करने में भी कोई परेशानी न हो और शहर के हर कोने तथा उसके निवासियों से जुड़े रह सकें। इस तलाश में उन्हें आप सांसद अशोक मित्तल का घर पसंद आया। 

अपने विधानसभा क्षेत्र में ही तलाश रहे थे घर

इससे पहले पार्टी अपने बयान में कह चुकी है कि अरविंद केजरीवाल जल्द ही मुख्यमंत्री आवास खाली कर देंगे और उनके नए आवास की तलाश की जा रही है। केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के समीप घर तलाश रहे हैं क्योंकि वह वहां के लोगों से जुड़े रहना चाहते हैं। पार्टी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में महज कुछ महीने बाकी रहने पर ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ऐसा आवास ढूंढ़ने पर गंभीरता से ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जिससे उन्हें अपने समय और संसाधनों का पूरा उपयोग करने में सहूलियत मिले। 

कई लोगों ने घर का दिया था ऑफर

आम आदमी पार्टी ने बताया था कि ‘आप’ विधायकों, पार्षदों, कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक लोगों ने पूर्व सीएम केजरीवाल के लिए आवास की पेशकश कर रहे हैं। डिफेंस कॉलोनी, पीतमपुरा, जोरबाग, चाणक्यपुरी, ग्रेटर कैलाश, वसंत विहार और हौज खास समेत शहर के कई इलाकों से अरविंद केजरीवाल के लिए आवास की पेशकश की गई थी लेकिन केजरीवाल का कहना था कि वे ऐसी जगह रहेंगे जहां से उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों से मिलने में सहूलियत हो।

पहले गाजियाबाद के कौशाम्बी में रहते थे केजरीवाल

आम आदमी पार्टी की ओर से केंद्र सरकार से यह मांग की गई थी कि एक राष्ट्रीय दल के प्रमुख के पद पर होने के नाते केजरीवाल को आधिकारिक आवास मुहैया कराया जाए। केजरीवाल अपनी पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते हैं। राजनीति में आने से पहले केजरीवाल उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के कौशाम्बी में रहते थे। वर्ष 2013 में वे पहली बार दिल्ली के सीएम बने थे और फिर तिलक लेन में एक बंगले में वे रहे। 2015 में दूसरी बार दिल्ली के सीएम बनने के बाद वे फ्लैगस्टाफ रोड पर स्थित आवास में रहने लगे।

रिपोर्ट-अनामिका गौड़

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।