1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi Assembly Election 2025: जंगपुरा विधानसभा सीट पर कौन मारेगा बाजी? जानिए क्या है सियासी समीकरण

Delhi Assembly Election 2025: जंगपुरा विधानसभा सीट पर कौन मारेगा बाजी? जानिए क्या है सियासी समीकरण

 Published : Jan 11, 2025 06:13 pm IST,  Updated : Jan 11, 2025 06:13 pm IST

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। जंगपुरा विधानसभा सीट पर इस बार दिलचस्प चुनावी मुकाबला देखने को मिल रहा है। आम आदमी पार्टी ने मौजूदा विधायक प्रवीण कुमार का टिकट काटकर दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को यहां से उम्मीदवार बनाया है।

Jangpura, delhi assembly election 2025- India TV Hindi
जंगपुरा विधानसभा सीट Image Source : INDIA TV

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा के लिए चुनावों की तारीख का ऐलान हो चुका है। विधानसभा की कुल 70 सीटों पर एक फेज में 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। 8 फरवरी को वोटों की गिनती होगी और इसके साथ ही इस बात का फैसला हो जाएगा कि दिल्ली की सत्ता किसके हाथों में जाएगी। इस बार मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच है। वहीं कांग्रेस भी इस बार पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। दिल्ली की जंगपुरा विधानसभा सीट पर भी इस बार दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं कि क्या है इस सीट का सियासी समीकरण।

क्या है सियासी समीकरण?

जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से एक है। इसका निर्वाचन क्षेत्र कोड 41 है। जंगपुरा सीट पर वोटिंग 5 फरवरी को होगी और 8 फरवरी को रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। जंगपुरा में मतदाताओं की बात करें को उनकी कुल संख्या 88561 है। इनमें पुरुष मतदाता 48227 हैं जबकि महिला वोटर्स की संख्या 40330 है। थर्ड जेंडर के मतदाता 4 हैं। 

कौन-कौन हैं उम्मीदवार 

जंगपुरा सीट पर इस बार सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने इस सीट से मनीष सिसोदिया को टिकट दिया है। इससे पहले मनीष सिसोदिया लगातार तीन बार पटपड़गंज विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। मनीष सिसोदिया ने 2013, 2015 और फिर 2020 में लगातार जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाई थी। हालांकि 2020 के विधानसभा चुनाव में उनकी जीत का अंतर काफी कम था। बाद में शराब घोटाले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा। बीजेपी ने जंगपुरा से तरविंदर सिंह मारवाह को टिकट दिया है। मारवाह पूर्व में जंगपुरा सीट से तीन बार कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। लेकिन अब वे बीजेपी में हैं। बीजेपी ने मारवाह को जंगपुरा से चुनाव मैदान में उतार दिया है। वहीं कांग्रेस ने इस सीट से फरहाद सूरी को चुनाव मैदान में उतारा है। 

पिछले चुनावों में क्या रहा था रिजल्ट?

2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार प्रवीण कुमार ने इस सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी के इम्प्रीत सिंह बख्शी को हराया। कांग्रेस का उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहा। प्रवीण कुमार को कुल 45,133 वोट मिले जबकि बीजेपी के इम्प्रीत सिंह बख्शी को 29,29,070 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के तरविंदर सिंह मारवाह को 13,565 वोट मिले। वहीं 2015 के विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार ने जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 43,927 वोट मिले थे। बीजेपी के मनिंदर सिंह धीर को 23,477 और कांग्रेस के तरविंदर सिंह मारवाह को 22,662 वोट मिले थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।