1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. "8 फरवरी को झूठ की दुकान पर ताला लग जाएगा", नायब सिंह सैनी ने बीजेपी की जीत का किया दावा

"8 फरवरी को झूठ की दुकान पर ताला लग जाएगा", नायब सिंह सैनी ने बीजेपी की जीत का किया दावा

 Published : Feb 02, 2025 04:17 pm IST,  Updated : Feb 02, 2025 04:17 pm IST

सैनी ने कहा, ‘‘दिल्ली में हमारे भाई-बहन हैं। क्या हम आपके पानी में जहर मिला देंगे? हमारे प्रधानमंत्री, हमारा (भारतीय जनता पार्टी का) केंद्रीय नेतृत्व सभी दिल्ली में रहते हैं, तो क्या हम उन्हें अलग तरह का पानी दे रहे हैं?

Nayab Singh Saini, Haryana- India TV Hindi
नायब सिंह सैनी Image Source : ANI

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले चुनाव प्रचार पूरे चरम पर है। सियासी दल वोटरों को अपने खेमे में लाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। बीजेपी ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दावा किया है कि 8 फरवरी को झूठ की दुकान पर ताला लग जाएगा। दिल्ली में बीजेपी की सरकार बन रही है।

लगातार झूठ बोलते रहे केजरीवाल

नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली में जो झूठ की दुकान खुली थी, उसे लोग अब समझ चुके हैं। 8 तारीख को झूठ की दुकान पर ताला लग जाएगा। उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) लोगों से जो वादे किए थे, वह आज भी सिर्फ वादे ही हैं। उन्होंने कोई वादा पूरा नहीं किया। अरविंद केजरीवाल लगातार झूठ बोलते रहे हैं।"

कुशासन को छिपाने की कोशिश 

नायब सिंह सैनी भी दिल्ली में बीजेपी के लिए प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने शनिवार को भी अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला था। सैनी ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वह यमुना के पानी में जहर मिलाने समेत अन्य झूठा प्रचार करके दिल्ली में अपनी विफलताओं एवं कुशासन को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। सैनी ने भाजपा प्रत्याशी मनोज शौकीन के समर्थन में यहां नांगलोई में एक जनसभा में कहा कि केजरीवाल झूठे आरोप लगाकर अपने जन्म स्थान वाले राज्य हरियाणा को बदनाम कर रहे हैं तथा आठ फरवरी को उनकी ‘झूठ की दुकान’ बंद हो जायेगी। 

यमुना पानी का स्रोत नहीं, आस्था का विषय

उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल अपनी विफलताओं और कुप्रबंधन को छिपाने के लिए झूठा प्रचार कर रहे हैं, जिसमें यह दावा भी शामिल है कि यमुना का पानी जहरीला है, ताकि हरियाणा और दिल्ली के बीच तनाव पैदा किया जा सके। यमुना मेरे लिए सिर्फ पानी का स्रोत नहीं है, बल्कि आस्था का विषय है। मैंने खुद नदी का पानी पिया है और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के झूठ को उजागर किया है।’’ 

सैनी ने कहा, ‘‘दिल्ली में हमारे भाई-बहन हैं। क्या हम आपके पानी में जहर मिला देंगे? हमारे प्रधानमंत्री, हमारा (भारतीय जनता पार्टी का) केंद्रीय नेतृत्व सभी दिल्ली में रहते हैं, तो क्या हम उन्हें अलग तरह का पानी दे रहे हैं? केजरीवाल जानते थे कि जनता उनसे दिल्ली में पानी की खराब गुणवत्ता के बारे में पूछेगी, इसलिए उन्होंने यह झूठी कहानी फैलानी शुरू कर दी।’’ दिल्ली में पांच फरवरी को विधानसभा चुनाव है और आठ फरवरी को मतगणना होगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।