1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. शाहदरा विधानसभा चुनाव: AAP, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला, जानें पूरा समीकरण

शाहदरा विधानसभा चुनाव: AAP, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला, जानें पूरा समीकरण

 Published : Jan 24, 2025 01:41 pm IST,  Updated : Jan 24, 2025 01:41 pm IST

दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत प्रदेश की शाहदरा सीट पर कांटे की टक्कर होने जा रही है। इस सीट पर AAP, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। आइए जानते हैं शाहदरा का पूरा समीकरण।

शाहदरा विधानसभा चुनाव।- India TV Hindi
शाहदरा विधानसभा चुनाव। Image Source : INDIA TV

Shahdara Assembly Election: दिल्ली में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राष्ट्रीय राजधानी में 5 फरवरी की तारीख को 70 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। वहीं, इस चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को सामने आएंगे। इस चुनाव में शाहदरा विधानसभा सीट पर कांटे की टक्कर मानी जा रही है। शाहदरा में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। आइए जानते हैं शाहदरा विधानसभा सीट का पूरा समीकरण और बीते चुनावों का इतिहास।

शाहदरा का समीकरण?

शाहदरा विधानसभा पूर्वी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत आती है। इसका निर्वाचन क्षेत्र नंबर 62 है और ये एक अनारक्षित सीट है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव के मुताबिक, शाहदरा निर्वाचन क्षेत्र में 1,89,407 वोटर्स थे। इनमें से 99,540 पुरुष और 89,862 महिला वोटर्स थीं। 2015 के विधानसभा चुनाव में शाहदरा में 69.58 फीसदी वोटिंग हुई थी। वहीं, 2020 के विधानसभा चुनाव में शाहदरा में 66.2 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।

किनके बीच है मुकाबला?

शाहदरा विधानसभा सीट पर 2015 और 2020 दोनों ही चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की थी। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने अपने वर्तमान विधायक राम निवास गोयल का टिकट काट दिया है और जितेंद्र सिंह शंटी को टिकट दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने शाहदरा में संजय गोयल तो वहीं, कांग्रेस ने जगत सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। इसके अलावा बसपा ने धर्मेन्द्र कुमार कैम को टिकट दिया है।

क्या रहा था बीते चुनाव का परिणाम?

साल 2020 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में शाहदरा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राम निवास गोयल ने 5,294 वोटों से जीत हासिल की थी। उन्हें 49.53% वोट शेयर के साथ 62,103 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर भाजपा के संजय गोयल थे जिन्हें 56,809 यानी 45.31% वोट मिले। वहीं, तीसरे नंबर पर कांग्रेस उम्मीदवार नरेंद्र नाथ रहे जिन्हें केवल 4,474 वोट यानी 3.57% वोट मिले।

शाहदरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विजेता

1993: राम निवास गोयल (भारतीय जनता पार्टी)

1998: नरेंद्र नाथ (कांग्रेस)
2003: नरेंद्र नाथ (कांग्रेस)
2008: नरेंद्र नाथ (कांग्रेस)
2013: जितेंद्र सिंह शंटी (शिरोमणि अकाली दल)
2015: राम निवास गोयल (आम आदमी पार्टी)
2020: राम निवास गोयल (आम आदमी पार्टी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।