दिल्ली में विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन कर रही है। चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद 6 दिन का समय बीत चुका है लेकिन अब तक सीएम के नाम का खुलासा नहीं हुआ है। इसे लेकर आम आदमी पार्टी, भाजपा पर निशाना भी साध रही है। वहीं, इन सब चर्चाओं के बीच भाजपा के विजयी उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने जानकारी दी है कि दिल्ली में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह कब हो सकता है।
क्या बोले सिरसा?
दिल्ली में मुख्यनमंत्री के चयन के मुद्दे पर राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा- ""जल्दी ही हमारे पर्यवेक्षक तय हो जाएंगे और उसके बाद 1-2 दिन में हमारी बैठक होगी और उसके बाद जल्द ही इसकी (मुख्यमंत्री की) जानकारी मिलेगी।" सिरसा ने आगे कहा- "हमें इसे 20 तारीख से पहले करना होगा। यह 17 या 18 तारीख को हो सकता है।"
कोई डिप्टी सीएम नहीं होगा- सूत्र
दिल्ली के नये मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा में विचार-विमर्श जारी है। पीटीआई के मुताबिक, ऐसे संकत मिल रहे हैं कि भाजपा दिल्ली में कोई उपमुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। पार्टी के एक नेता ने कहा है कि सीएम के नाम पर शीर्ष नेतृत्व अपने विकल्पों पर विचार कर रहा है। पीएम मोदी के अमेरिका से वापस आने के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला हो सकता है।
आतिशी ने साधा निशाना
दिल्ली की निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों में विभागों के आवंटन को लेकर आंतरिक खींचतान मची है।आतिशी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा नेता सार्वजनिक धन के लालच में मंत्री पद को लेकर झगड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का अपने चुनाव घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने का कोई इरादा नहीं है।
ये भी पढे़ं- 'वादों को पूरा करने का इरादा नहीं, विभागों के बंटवारे को लेकर अंदरूनी झगड़ा', आतिशी ने बीजेपी पर बोला हमला