1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में लगातार चौथे दिन कोरोना से कोई मौत नहीं, 17 नए पॉजिटिव केस मिले

दिल्ली में लगातार चौथे दिन कोरोना से कोई मौत नहीं, 17 नए पॉजिटिव केस मिले

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 23, 2021 09:04 pm IST,  Updated : Aug 23, 2021 09:04 pm IST

दिल्ली में सोमवार को कोविड-19 के 17 नए मामले सामने आए और लगातार चौथे दिन संक्रमण से किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई तथा संक्रमण दर 0.04 फीसदी दर्ज की गई। 

दिल्ली में लगातार चौथे दिन कोरोना से कोई मौत नहीं, 17 नए पॉजिटिव केस मिले- India TV Hindi
दिल्ली में लगातार चौथे दिन कोरोना से कोई मौत नहीं, 17 नए पॉजिटिव केस मिले Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली में सोमवार को कोविड-19 के 17 नए मामले सामने आए और लगातार चौथे दिन संक्रमण से किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई तथा संक्रमण दर 0.04 फीसदी दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली। राष्ट्रीय राजधानी में महामारी की दूसरी लहर के बाद से यह 14वां दिन है, जब संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं हुई। हालांकि, कल जांच की संख्या कम रहने से भी संक्रमण के कम मामले सामने आए हैं। 

विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14,37,334 हो गई। वहीं, अब तक 14.11 लाख मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और मृतकों की कुल संख्या 25,079 है। इस महीने अब तक संक्रमण से 26 लोगों की मौत हो चुकी है और 31 जुलाई तक कुल मृतकों की संख्या 25,053 थी। रविवार को शहर में संक्रमण के 24 मामले सामने आए थे और संक्रमण दर 0.04 फीसदी थी। 

बुलेटिन में बताया गया कि दिल्ली में अभी 374 मरीजों का उपचार चल रहा है और उनमें से 107 घर में पृथकवास में हैं। दिल्ली में महामारी की दूसरी लहर काफी भयावह रही थी और सैंकड़ों लोगों की जान संक्रमण की वजह से चली गई थी। वहीं, अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी ने मरीजों की पीड़ा को और बढ़ा दिया था। 

दिल्ली में 20 अप्रैल को संक्रमण के 28,395 मरीज मिले, जो कि महामारी के देश में दस्तक देने के बाद से सबसे ज्यादा हैं। 22 अप्रैल को संक्रमण दर 36.2 फीसदी रही, जो कि सबसे ज्यादा है। शहर में संक्रमण से तीन मई को सबसे ज्यादा 448 मरीजों की मौत हुई थी। 

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, शहर में अब तक 1.24 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी है। इनमें से 35 लाख से ज़्यादा लोगों को टीके की दोनों खुराक दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।