1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली शराब घोटाला : मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को राहत नहीं, 19 मार्च तक बढ़ी न्यायिक हिरासत

दिल्ली शराब घोटाला : मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को राहत नहीं, 19 मार्च तक बढ़ी न्यायिक हिरासत

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Mar 07, 2024 03:34 pm IST,  Updated : Mar 07, 2024 04:38 pm IST

दिल्ली के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और आप सांसद संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 19 मार्च तक बढ़ा दी गई है।

मनीष सिसोदिया और संजय...- India TV Hindi
मनीष सिसोदिया और संजय सिंह Image Source : FILE

नई दिल्ली : दिल्ली के कथित शराब घोटाले में पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को राहत नहीं मिली है। दिल्ली की अदालत ने दोनों की न्यायिक हिरासत 19 मार्च तक बढ़ा दी है।

पिछली सुनवाई में 5 दिन के लिए बढ़ी थी न्यायिक हिरासत

इससे पहले 2 मार्च को हुई पिछली सुनवाई में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीष सिसोदिया और संजय सिंह की न्यायिक हिरासत पांच दिन के लिए बढ़ा दी थी। यह अवधि आज खत्म हो रही थी। लेकिन आज कोर्ट ने 19 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत बढ़ा दी है। 

इससे पहले पिछली सुनवाई में ईडी ने यह दलील दी थी कि जब तक सुधारात्मक याचिका सुप्रीम कोर्ट में लंबित है तब तक सिसोदिया की रेग्यूलर जमानत याचिका पर विचार नहीं किया जाना चाहिए। मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने पिछले साल 26 फरवरी को दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सिसोदिया को गिरफ्तार किया था।

वहीं पिछले साल चार अक्टूबर को संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था। ईडी ने पहले अदालत से कहा था कि संजय सिंह दिल्ली की आबकारी नीति 2021-22 में शराब (कंपनी) समूहों से रिश्वत प्राप्त करने की साजिश का हिस्सा थे। दिल्ली की आबकारी नीति अगस्त, 2022 में निरस्त कर दी गई थी और दिल्ली के उपराज्यपाल ने बाद में सीबीआई को कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच का आदेश दिया था। 

आपको बता दें कि इसी मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से पूछताछ के लिए ईडी आठ समन भेज चुकी है लेकिन वे हर समन को टालते रहे हैं। उन्होंने ईडी के समन को अवैध और राजनीतिक बदले की भावना की कार्रवाई करार दिया है। केजरीवाल एक बार भी ईडी के सामने पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए हैं।

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।