1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने मास्क पहनने को कहा, मरीज के तीमारदार ने कर दिया हमला

दिल्ली: सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने मास्क पहनने को कहा, मरीज के तीमारदार ने कर दिया हमला

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 28, 2020 06:48 am IST,  Updated : Sep 28, 2020 06:48 am IST

दिल्ली सरकार के महर्षि वाल्मीकि अस्पताल के एक डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि एक मरीज और उसके तिमारदार ने उन पर तब हमला कर दिया जब उन्होंने उनसे मास्क लगाने और अपनी बारी का इंतजार करने को कहा।

delhi hospital- India TV Hindi
delhi hospital Image Source : AP

नयी दिल्ली। दिल्ली सरकार के महर्षि वाल्मीकि अस्पताल के एक डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि एक मरीज और उसके तिमारदार ने उन पर तब हमला कर दिया जब उन्होंने उनसे मास्क लगाने और अपनी बारी का इंतजार करने को कहा। पुलिस ने अस्पताल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल के रेजिडेंट्स डॉक्टर एसोसिएशन ने चिकित्सा अधीक्षक को पत्र लिखकर आपदा प्रबंधन कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है। 

डॉक्टर राहुल जैन ने अपनी शिकायत में कहा कि शनिवार सुबह वह छोटे ऑपरेशन थिएटर में थे। एक महिला मरीज थी और उसके तीमारदार ने मास्क नहीं लगाया हुआ था। वह चाहता था कि अन्य से पहले उसके मरीज को देख लिया जाए। उन्होंने कहा, " वह लगातार मुझ पर दबाव बना रहा था। मैंने उससे मास्क लगाने और अपनी बारी आने का इंतजार करने को कहा।" डॉक्टर ने आरोप लगाया कि व्यक्ति ऑपरेशन थिएटर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। 

जैन ने दावा किया कि शख्स ने उन पर स्टूल फेंका, लेकिन वह बच गए। उन्होंने आरोप लगाया, " जब अस्पताल के कर्मियों ने दखल देने की कोशिश की तो, महिला ने मुझ पर आरोप लगाना शुरू कर दिया कि मैंने उसके साथ अनुचित तरीके से व्यवहार किया है। पुलिस के आने के बाद भी उसने मुझे धमकी दी। मेरे पूरे जिस्म पर चोट के निशान हैं।" बाहरी उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि हमने एक मामला दर्ज किया है और जांच कर रहे हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।