1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi Heatwave: दिल्ली ने पार किया 49 डिग्री सेल्सियस का तापमान, भीषण गर्मी और लू का प्रचंड प्रकोप

Delhi Heatwave: दिल्ली ने पार किया 49 डिग्री सेल्सियस का तापमान, भीषण गर्मी और लू का प्रचंड प्रकोप

 Published : May 15, 2022 09:14 pm IST,  Updated : May 15, 2022 09:14 pm IST

राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में रविवार को भीषण गर्मी तथा लू का प्रकोप रहा। उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुंगेशपुर में पारा जहां 49.2 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, वहीं दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 49.1 डिग्री दर्ज किया गया। 

Delhi has breached the 49 degree Celsius temperature- India TV Hindi
Delhi has breached the 49 degree Celsius temperature Image Source : PTI

Highlights

  • दिल्ली में भयंकर गर्मी और लू की मार
  • कई इलाकों में पारा 49 डिग्री के पार
  • 1951 के बाद सबसे गर्म रहा अप्रैल

Delhi Heatwave: राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में रविवार को भीषण गर्मी तथा लू का प्रकोप रहा। उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुंगेशपुर में पारा जहां 49.2 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, वहीं दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 49.1 डिग्री दर्ज किया गया। 

साल का सबसे अधिक तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पारा 48.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि जफरपुर, पीतमपुरा और रिज में तापमान क्रमश: 47.5 डिग्री, 47.3 डिग्री और 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला जहां के आंकड़ों को दिल्ली का मानक माना जाता है, वहां भी अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है। 

तेजी से चढ़ रहा पारा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। वहीं, शुक्रवार को वहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। उल्लेखनीय है कि 27 मई 2020 को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शहर के आयानगर, पालम और लोधी रोड वेधशाला में तापमान में वृद्धि देखी गई और इन वेधशालाओं में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.8 डिग्री, 46.4 डिग्री और 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

56 साल बाद इतना गर्म गुरुग्राम

राष्ट्रीय राजधानी के सभी मौसम केंद्रों में लू दर्ज की गई। दिल्ली के पास स्थित हरियाणा के गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री दर्ज किया गया जो 10 मई 1966 के 49 डिग्री सेल्सियस के बाद सर्वाधिक है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती संचरण की वजह से मानसून पूर्व की गतिविधियां होंगी। इसकी वजह से सोमवार और मंगलवार को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। 

1951 के बाद सबसे गर्म अप्रैल

आईएमडी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से बारिश की कमी रही और दिल्ली में वर्ष 1951 के बाद से इस बार अप्रैल सर्वाधिक गर्म रहा। इस साल अप्रैल में औसतन अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अप्रैल के आखिर में लू की वजह से शहर के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच गया था। दिल्ली में अप्रैल के महीने में महज 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि मासिक औसत 12.2 मिलीमीटर है। मार्च महीने में भी यहां बारिश नहीं हुई जबकि मासिक औसत 15.9 मिलीमीटर है। 

मई में और बढ़ेगा पारा

आईएमडी ने मई में भी सामान्य से अधिक तापमान होने का पूर्वानुमान लगाया है। आईएमडी के मुताबिक, अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री होने और कम से कम सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक तापमान होने पर लू की घोषणा की जाती है। गंभीर लू घोषित करने के लिए अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.4 डिग्री अधिक होना चाहिए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।