दक्षिणी दिल्ली में ट्रिपल मर्डर का मामला बुधवार को सामने आया था। यहां मैदान गढ़ी इलाके में अपने माता-पिता और भाई की हत्या करने के बाद आरोपी सिद्धार्थ फरार हो गया था। इस बीच पुलिस ने आज शाम उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एम्स मेट्रो स्टेशन से नीचे कूदकर खुदकुशी करने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच पुलिस वहां पहुंच गई और तैनात गार्डों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने जब उससे खुदकुशी करने का कारण पूछा तो उसने बताया कि उसने अपने मां-बाप और भाई की हत्या की है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे मैदान गढ़ी थाने ले आई और वहां उससे पूछताछ की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
साउथ दिल्ली के मैदानगड़ी में घर के एक बेटे ने अपने पिता, मां और भाई की चाकुओं से गोदकर हत्या की और फरार हो गया। ग्राउंड फ्लोर पर दो मेल बॉडी खून से लथपथ हालत में मिलीं और फर्स्ट फ्लोर पर एक महिला की बॉडी बरामद हुई। मृतक प्रेम सिंह की उम्र 45 से 50 साल है। मृतक रजनी की उम्र 40 से 45 साल है। मृतक रितिक की उम्र 24 साल है। FSL और क्राइम टीम ने मौके का मुआयना किया और क्राइम सीन की जांच करके सबूत इकट्ठा किए। शुरुआती जांच में पता लगा कि घर का दूसरा बेटा सिद्धार्थ जिसकी उम्र 22 से 23 साल है, वो हत्याकांड के बाद से घर से गायब है।
लोकल जांच के बाद पता चला कि सिद्धार्थ का साइकेट्रिक ट्रीटमेंट चल रहा था। सिद्धार्थ ने किसी को बताया कि उसने अपने परिवार की हत्या कर दी है और फरार हो गया। पुलिस इस मामले में जांच कर रही थी और फरार सिद्धार्थ की तलाशी जारी थी। इस घटना के बाद घर में किसी तरह की लूटपाट की कोई जानकारी सामने नहीं आई। बता दें कि इस घटना के बाद एफएसएल टीम और अपराध शाखा निरीक्षण के लिए घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए गए। शवों की तस्वीरें ली गई हैं और आगे की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।