1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: रिटायर्ड वैज्ञानिक और उनकी पत्नी को बंदूक की नोक पर बनाया बंधक, करीब 2 करोड़ लूटे

दिल्ली: रिटायर्ड वैज्ञानिक और उनकी पत्नी को बंदूक की नोक पर बनाया बंधक, करीब 2 करोड़ लूटे

 Published : Oct 19, 2024 11:23 pm IST,  Updated : Oct 19, 2024 11:23 pm IST

दिल्ली में एक रिटायर्ड वैज्ञानिक और उनकी पत्नी के साथ करीब 2 करोड़ की लूट का मामला सामने आया है। लुटेरों ने पीड़ित को बंदूक की नोक पर बंधक भी बनाया।

Delhi Police- India TV Hindi
दिल्ली पुलिस Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी स्थित प्रशांत विहार इलाके में एक रिटायर्ड वैज्ञानिक और उनकी पत्नी के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है। लुटेरों ने करीब 2 करोड़ की ज्वेलरी और नकदी की लूट की है। इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

क्या है पूरा मामला?

रोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में एक रिटायर्ड वैज्ञानिक और उनकी पत्नी को बंदूक की नोक पर उन्हीं के घर में बंधक बना लिया गया। इसके बाद लुटेरों ने करीब दो करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी की लूट की। 

पुलिस के मुताबिक, मामला प्रशांत विहार के एफ ब्लॉक का है। पीड़ित वैज्ञानिक की पहचान शिबू सिंह और उनकी पत्नी की पहचान निर्मला के रूप में हुई है। ये घटना शुक्रवार दोपहर की है। दरअसल बुजुर्ग दंपति अपने घर में थे, इसी दौरान 2 लोग आए और खुद को ‘कूरियर बॉय’ बताते हुए घर में घुस गए। 

इसके बाद इन लोगों ने शिबू और उनकी पत्नी निर्मला को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की। पीड़ितों का कहना है कि उनके घर से दो करोड़ रुपये के आभूषण और नकदी की लूट हुई है।

घटना के फौरन बाद पीड़ित ने अपने बेटे को इस मामले की जानकारी दी। जिसके बाद बेटे ने पुलिस को इस घटना के बारे में सूचित किया। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पीड़ितों की मेडिकल जांच हुई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छह पुलिस टीमें गठित की गई हैं। 

पुलिस का कहना है कि घटना के तरीके को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि इस मामले में घर या परिवार का कोई सदस्य शामिल है। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है और बयान दर्ज कर रही है। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।