राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से शर्मसार कर देने वाली घटना देखने को मिली है। यहां नरेला इलाके में एक स्विमिंग पूल में नौ साल की दो नाबालिग बच्चियों से कथित तौर पर रेप की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है। आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ये पूरी घटना 7 अगस्त को लामपुर में लामपुर बस अड्डे के पास स्थित एक स्विमिंग पूल में सामने आई है। इसके बाद 8 अगस्त को एक पीड़िता की मां ने नरेला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने शिकायत में बताया कि उसकी बेटी और एक अन्य बच्ची के साथ स्विमिंग पूल में दुष्कर्म किया गया है। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर के कार्रवाई शुरू की।
पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 70 (2) (सामूहिक बलात्कार), 127 (2) (गलत तरीके से रोकना) और 351 (आपराधिक धमकी) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्द किया है। घटना की पीड़िताओं ने BNS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज कराए हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तुरंत एक टीम बनाई और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, "टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के निवासी अनिल कुमार (उम्र 37 वर्ष) और उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुनील कुमार (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई।" दोनों का कोई भी पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- Thar के अंदर से मिली LSD, चरस और कोकीन, युवक गिरफ्तार, गुरुग्राम से पार्टी कर लौटा और दिल्ली में दो लोगों को कुचला
संपादक की पसंद