1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. कोहरे का कहर, दिल्ली का अक्षरधाम मंदिर हुआ 'गायब', VIDEO देखकर चौंक जाएंगे

कोहरे का कहर, दिल्ली का अक्षरधाम मंदिर हुआ 'गायब', VIDEO देखकर चौंक जाएंगे

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jan 04, 2025 07:52 am IST,  Updated : Jan 04, 2025 08:41 am IST

दिल्ली में भीषण ठंड पड़ रही है और लोग अपने घरों से निकलने में भी बच रहे हैं। कोहरे की वजह से विजुएलिटी जीरो है और लोगों को एक हाथ की दूरी का भी कुछ नहीं दिख रहा है।

Akshardham- India TV Hindi
कोहरे की वजह से अक्षरधाम मंदिर दिखना बंद हुआ Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आज तो कोहरा इतना ज्यादा है कि लोगों को एक हाथ की दूरी पर भी कुछ भी साफ नहीं दिखाई दे रहा है। जीरो विजुएलिटी की वजह से वाहन भी रेंग-रेंगकर चल रहे हैं। इस बीच दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि भीषण कोहरे की वजह से मंदिर ही दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसा लग रहा है कि जैसे मंदिर गायब हो गया हो। चारों तरफ कोहरा ही कोहरा दिखाई दे रहा है।

400 से ज्यादा फ्लाइट्स की उड़ान में देरी

दिल्ली एनसीआर में इतनी भीषण ठंड है कि 400 से ज्यादा फ्लाइट्स की उड़ान में देरी हुई है। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी गिरकर 50 मीटर तक पहुंच गई है। लोगों को सड़कों पर गाड़ी चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो रविवार तक लोगों को घने कोहरे की मार झेलनी पड़ सकती है। आज कई इलाकों में बादल के छाए रहने की संभावना है।

49 ट्रेनें देरी से चल रहीं

दिल्ली में घने कोहरे के कारण दिल्ली से चलने वाली और दिल्ली आने वाली 49 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। अधिकतर ट्रेनें तीन से चार घंटे की देरी से चल रही हैं। 10 ट्रेनों का समय रीशेड्यूल (बदला गया है) किया गया है। बीते दिनों मौसम विभाग ने 5-6 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में बारिश की भी संभावना जताई थी। ऐसे में अगर दिल्ली-एनसीआर में बारिश होती है तो ठंड में और वृद्धि देखने को मिल सकती है।

हालात ये हैं कि रात 11 बजे दिल्ली पहुंचने वाली वंदे भारत सुबह 7:30 तक दिल्ली नहीं पहुंच पाई है। वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत को पुनर्निर्धारित किया गया और यह अभी भी देर से चल रही है। ट्रेन अभी भी नई दिल्ली नहीं पहुंची है। नई दिल्ली पहुंचने का मूल समय रात 11 बजे था। (इनपुट: अनामिका गौड़)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।