1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में वारदात से पहले ‘Gangland’ गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो से घूमकर टारगेट का कर रहे थे तलाश

दिल्ली-NCR में वारदात से पहले ‘Gangland’ गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो से घूमकर टारगेट का कर रहे थे तलाश

 Reported By: Kumar Sonu Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 13, 2026 12:13 pm IST,  Updated : Aug 13, 2026 12:25 pm IST

गिरफ्तार शूटर्स के पास से हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें 30 बोर की एक ऑटोमैटिक पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और दो सिंगल-शॉट पिस्टल और स्कॉर्पियो कार भी बरामद हुई है।

स्पेशल सेल की टीम ने शूटर्स को किया गिरफ्तार- India TV Hindi
स्पेशल सेल की टीम ने शूटर्स को किया गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीन शूटर गिरफ्तार कर वारदात से पहले बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपी मथुरा बेस्ड नवगठित ‘Gangland’ गैंग के सदस्य बताए गए हैं। गैंग का सरगना कन्हा सिंह जडौल उर्फ कन्हा ठाकुर है, जो गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का बदमाश बताया गया है। आरोपी दिल्ली-NCR में फिरौती के लिए फायरिंग करने और कारोबारियों/वाहनों को निशाना बनाने की तैयारी में थे। पुलिस ने आरोपियों को वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया।

आरोपियों के कब्जे से 3 पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो कार बरामद हुई है। बरामद हथियारों में 30 बोर की एक ऑटोमैटिक पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और दो सिंगल-शॉट पिस्टल, एक-एक जिंदा कारतूस शामिल है।

सॉफ्ट टारगेट की तलाश में थे शूटर्स

पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि ‘Gangland’ गैंग के सदस्य दिल्ली-NCR में सॉफ्ट टारगेट तलाश रहे हैं। गैंग का मकसद कार्यालयों या वाहनों पर फायरिंग कर दहशत फैलाना और जल्दी पैसा/फिरौती वसूलना था। पुख्ता सूचना के आधार पर 29-30 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात द्वारका इलाके में ट्रैप लगाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय आरोपी स्कॉर्पियो कार में घूमकर टारगेट तलाश रहे थे।

गैंग लीडर कन्हा ठाकुर की प्रोफाइल

कन्हा सिंह जडौल उर्फ कन्हा ठाकुर, उम्र 26 साल, मूल रूप से मथुरा का रहने वाला बताया गया है। बाद में उसका परिवार जयपुर शिफ्ट हो गया था। कन्हा ने जयपुर के सुबोध कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। कॉलेज के दौरान ही उसने अपराध की राह चुनी।

कन्हा ने मथुरा के एक साथी भूषण के साथ मिलकर ‘Gangland’ गैंग बनाया। गैंग के सदस्य सोशल मीडिया पर अपनी आपराधिक गतिविधियों का प्रदर्शन करते थे। बाद में गैंग ने फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के गैंग को फॉलो करना शुरू किया। कन्हा ने वल्लभा चर्या और सूरज को अपने गैंग में शामिल किया। साल 2023 में कन्हा और उसके साथियों पर कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के तहत एक व्यक्ति की हत्या करने का आरोप है।

कन्हा ठाकुर का आपराधिक रिकॉर्ड

  • FIR 36/2025 — PS Malpura Gate, Jaipur City East — Arms Act.
  • FIR 601/2023 — PS Shivdaspura, Jaipur City South — हत्या समेत अन्य धाराएं।
  • FIR 927/2025 — PS Pratap Nagar, Jaipur City East — Arms Act.

आरोपी सूरज की प्रोफाइल

सूरज, उम्र 24 साल, भरतपुर, राजस्थान का रहने वाला है। पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद के बाद अपराध की राह पर आया और कन्हा ठाकुर के साथ जुड़ गया। सूरज के खिलाफ भरतपुर के नदबई थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। 

आरोपी वल्लभा चर्या की प्रोफाइल

वल्लभा चर्या, उम्र 30 साल, भरतपुर का रहने वाला है। पहले जिम ट्रेनर के रूप में काम करता था और मार्च 2026 में जयपुर में जिम खोला था। जिम कारोबार में नुकसान के बाद कन्हा ठाकुर के संपर्क में आया। जल्दी और आसान पैसा कमाने के लिए अपराध की राह चुनी और ‘Gangland’ गैंग में शामिल हो गया।

पुलिस की कार्रवाई का महत्व

तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी से दिल्ली-NCR में फिरौती के लिए फायरिंग और वसूली की कई संभावित वारदातें टलीं हैं। आरोपी वारदात से पहले सॉफ्ट टारगेट की पहचान करने में जुटे थे। पुलिस ने उन्हें हथियारों के साथ समय रहते गिरफ्तार कर संभावित गैंगवार और रंगदारी की वारदातों पर रोक लगाई।

ये भी पढ़ें: 

स्पा में नौकरी का झांसा देकर मानव-तस्करी का खेल, दिल्ली पुलिस ने किया गिरोह का भंडाफोड़, 3 राज्यों से 10 पीड़िताओं को बचाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।