1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में गर्मी का कहर जारी, कई जगहों पर 42 डिग्री से ज्यादा रहा अधिकतम तापमान

दिल्ली में गर्मी का कहर जारी, कई जगहों पर 42 डिग्री से ज्यादा रहा अधिकतम तापमान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 07, 2022 08:39 pm IST,  Updated : Apr 07, 2022 08:39 pm IST

लोधी रोड, रिज, मुंगेशपुर और पीतमपुरा में भीषण गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मौसम केंद्र में शहर का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

Delhi Weather Update- India TV Hindi
Delhi Weather Update Image Source : PTI

दिल्ली में आज यानी गुरुवार को भी भीषण गर्मी रही और सफदरजंग वेधशाला में इस साल पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के एक मौसम स्टेशन को छोड़कर सभी स्टेशनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। 

लोधी रोड, रिज, मुंगेशपुर और पीतमपुरा में भीषण गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मौसम केंद्र में शहर का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि गर्मी के और भीषण होने की संभावना है तथा सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान शनिवार तक 42 डिग्री के निशान को छू सकता है। 

कम से कम एक सप्ताह भीषण गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्से मार्च के अंतिम सप्ताह से भीषण गर्मी की चपेट में हैं और इन हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बुधवार को कहा कि उत्तर पश्चिम भारत और इससे लगे मध्य भारत के इलाकों में अप्रैल में कहीं अधिक भीषण गर्मी पड़ने और अक्सर ‘लू’ चलने का पूर्वानुमान है। 

उन्होंने कहा था, ‘मार्च की तुलना में अप्रैल में भीषण गर्मी वाली परिस्थितियां कहीं अधिक होंगी। और कुछ हिस्सों में 15 अप्रैल तक लू चलना जारी रह सकता है।’ मैदानी इलाकों में, भीषण गर्मी उस वक्त घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तथा सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।