1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कोरोना संक्रमित पाए गए, खुद ट्वीट कर दी जानकारी

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कोरोना संक्रमित पाए गए, खुद ट्वीट कर दी जानकारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 14, 2020 07:52 pm IST,  Updated : Sep 14, 2020 11:14 pm IST

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सिसोदिया ने इसकी जानकारी खुद ट्वीट कर के दी है।

Delhi deputy chief minister Manish Sisodia corona positive- India TV Hindi
Delhi deputy chief minister Manish Sisodia corona positive Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सिसोदिया ने इसकी जानकारी खुद ट्वीट कर के दी है। मनीष सिसोदिया ने अपने ट्वीट में लिखा है कि 'हल्का बुख़ार होने के बाद आज कोरोना टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट पोज़िटिव आई है, मैंने स्वयं को एकांतवास में रख लिया है। फिलहाल बुख़ार या अन्य कोई परेशानी नहीं है मैं पूरी तरह ठीक हूँ. आप सब की दुआओं से जल्द ही पूर्ण स्वस्थ होकर काम पर लौटूँगा।'

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि, हम दिल्ली में कोविड के लिए प्रतिदिन 60 हजार टेस्ट कर रहे हैं। दिल्ली में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर प्रतिदिन 3 हजार टेस्ट हो रहे हैं। ये संख्या पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार (14 सितंबर) को 3,229 नए मामलों के साथ कोरोना मामलों की कुल संख्या 2,21,533 पहुंच गई है। दिल्ली में सक्रिय और रिकवर मामलों की संख्या क्रमशः 28,641 और 1,88,122 है। वहीं दिल्ली में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 4,770 पर पहुंच गया है।

70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के 9 विधायक कोरोना पॉजिटिव पाए गए 

70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के 9 विधायक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अलावा आठ अन्य विधायक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें प्रमिला टोकस, गिरीश सोनी, राजेश गुप्ता, ऋतुराज, वीरेंद्र सिंह कादयान, अजय महावर, सुरेंद्र कुमार और विशेष रवि शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली विधानसभा के तीन स्टाफ की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।  

दरअसल विधानसभा की कार्यवाही से पहले सभी विधायकों की कोरोना जांच की गई। इस कोरोना जांच में प्रमिला टोकस, गिरीश सोनी और विशेष रवि कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वहीं राजेश गुप्ता, ऋतुराज, वीरेंद्र सिंह कादयान, अजय महावर और सुरेंद्र कुमार ने अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी विधानसभा को दी है।

दिल्ली के वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी भी उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पास है। सोमवार को बुलाए गए एक दिवसीय मानसून सत्र के दौरान उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया दिल्ली माल और सेवा कर संशोधन विधेयक सदन में रखने वाले थे, लेकिन कोरोना पॉजिटिव होने के कारण वह विधानसभा सत्र में शामिल नहीं हुए।

गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बुखार और गले में खराश की शिकायत के उपरांत स्वयं को आइसोलेट किया था। कोरोना जांच के उपरांत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। वहीं स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को बुखार की शिकायत के उपरांत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

बाद में सत्येंद्र जैन को प्लाजमा थेरेपी भी दी गई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के लगभग एक महीने बाद सत्येंद्र जैन ने स्वास्थ्य मंत्रालय का कार्य दोबारा संभाला था। जैन की अनुपस्थिति में उस समय मनीष सिसोदिया दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय का कार्यभार भी संभाल रहे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।