दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो चुकी है। रेखा गुप्ता को भाजपा ने विधायक दल का नेता चुना है। 20 फरवरी को रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। बता दें कि रेखा गुप्ता शालीमार बाग से भाजपा की विधायक हैं और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र संघ से की थी। एबीवीपी के टिकट पर वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। रेखा ने शालीमार बाग सीट से आम आदमी की प्रत्याशी वंदना कुमारी को हराया था। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनका परिवार कहां से है और उनके पति और बच्चे क्या करते हैं? चलिए आपको हम रेखा गुप्ता के फैमिली बैकग्राउंड के बारे में बताते हैं।
हरियाणा में हुआ रेखा गुप्ता का जन्म
रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को हरियाणा के जींद जिले के जुलाना में हुआ था। उनके दादा एक आढ़तिया थे। जुलाना में उनकी गंगाराम, काशीराम के नाम से आढ़त की दुकान थी। रेखा के पिता का नाम जयभगवान है जो कि बैंक ऑफ इंडिया में बतौर मैनेजर काम करते थे। वहीं मां उर्मिला जिंदल हाउस वाइफ हैं। बता दें कि रेखा जब 2 साल की थीं तब उनके पिता की पोस्टिंग दिल्ली में हो गई और पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। उन्होंने दिल्ली से ही स्कूलिंग, ग्रेजुएशन और एलएलबी की पढ़ाई की।
रेखा गुप्ता के पति हैं व्यवसायी
रेखा गुप्ता की शादी मनीष गुप्ता से हुई है। मनीष गुप्ता पेशे से एक स्पेयर पार्ट्स के कारोबारी हैं। उन्होंने राजनीति में हमेशा अपनी पत्नी का सहयोग किया। शादी के बाद भी रेखा राजनीतिक जीवन से दूर नहीं रह पाईं और साल 2007 में उन्हें पीतमपुरा से पार्षद चुन लिया गया। साल 2025 में जब विधानसभा चुनाव हुए तो दूसरी बार रेखा गुप्ता को दिल्ली की शालीमार बाग सीट से विधायक चुना गया। बता दें कि रेखा गुप्ता की शादी मनीष गुप्ता से 28 जून 1998 को हुई थी। उनके दो बेटे हैं। जिनमें से बेटे का नाम निकुंज गुप्ता है और बेटी का नाम हर्षिता गुप्ता है। उनके बेटे निकुंज अभी पढ़ाई कर रहे हैं और हर्षिता अपने पिता की ही तरह बिजनेस में रुचि रखती हैं।