1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: बारिश के कारण ITO के पास नाले में बह गया मकान, मदद के लिए पहुंची दमकल टीम

दिल्ली: बारिश के कारण ITO के पास नाले में बह गया मकान, मदद के लिए पहुंची दमकल टीम

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 19, 2020 11:36 am IST,  Updated : Jul 19, 2020 11:36 am IST

ITO के पास रिंग रोड पर अन्ना नगर में तेज बारिश के बाद नाले के किनारे बना मकान भी नाले में बह गया।

दिल्ली: ITO के पास बारिश के कारण नाले में बही झुग्गी, मदद के लिए पहुंची दमकल टीम- India TV Hindi
दिल्ली: ITO के पास बारिश के कारण नाले में बही झुग्गी, मदद के लिए पहुंची दमकल टीम

नई दिल्ली: उमस और गर्मी से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर में रविवार की सुबह झमाझम बारिश हुई। मौसम के लिहाज से बारिश राहत लेकर आई है लेकिन इसके साथ ही दिल्ली में फिर से पानी भरने की समस्या भी सामने आ गई। दिल्ली में कई जगह बारिश का पानी जमा हो गया। इतना ही नहीं, ITO के पास रिंग रोड पर अन्ना नगर में तेज बारिश के बाद नाले के किनारे बना मकान भी नाले में बह गया। हालांकि, खबर लिखे जाने पर किसी के फंसने होने की जानकारी नहीं थी जबकि CATS और दमकल की टीम मौके पर मौजूद थी।

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों की रविवार सुबह की शुरुआत भारी बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हुई, जिससे उन्हें उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के कारण पारा कई डिग्री नीचे गिर गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए सुबह साढ़े छह बजे जारी पूर्वानुमान में कहा कि निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव से यातायात की आवाजाही बाधित हो सकती है।

सफदरजंग वेधशाला ने सुबह साढ़े पांच बजे तक 4.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। पालम मौसम केंद्र ने 3.8 मिमी बारिश दर्ज की। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हुई।’’ इससे पहले मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया था। उसने कहा था, ‘‘पूरा मानसून 19-20 जुलाई के दौरान उत्तर की ओर यानी हिमालय की तलहटी के करीब जा सकता है।’’

दिल्ली में मानसून के समय से पहले पहुंचने के बावजूद बहुत हल्की बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार सफदरजंग वेधशाला ने जुलाई में अभी तक 47.9 मिमी बारिश दर्ज की जो 109.4 मिमी सामान्य बारिश से 56 फीसदी कम है। पालम और लोधी रोड मौसम केंद्रों ने जुलाई में 38 और 49 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।