नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में आज होली का त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए दिल्ली पुलिस ने कमर कस ली है। खासकर सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि आम जनता सही से रंगों का यह त्योहार मना सके।
सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अकेले सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में 700 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। साथ ही, दो कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की गई है। ताकि कानून का उल्लंघन करने वालों और हुड़दंग मचाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एडिशनल डीसीपी ने संभाली कमान
होली से पहले सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के एडिशनल डीसीपी ऋषि कुमार सिंह ने अपनी पूरी फोर्स के साथ इलाके में गश्त किया और लोगों से अपील की कि होली के दौरान सिर्फ उन्हीं के साथ होली खेले जो रंगों से परहेज न करते हो। जबरदस्ती किसी को रंग न लगाएं। होली के दौरान सीसीटीवी, ड्रोन के जरिए भी इलाके में नजर रखी जाएगी।
आज खुली रहेंगी शराब की दुकानें
वहीं, होली के मौके पर दिल्ली में शराब की दुकानें खुली रहेंगी। दिल्ली सरकार ने होली को ड्राई डे की लिस्ट से बाहर कर दिया है। कई राज्यों में होली के दिन शराब की दुकानें बंद रहती हैं। दिल्ली में भी पहले होली के दिन शराब की दुकानें बंद रहा करती थीं। लेकिन अब दिल्ली सरकार ने होली को ड्राई डे की लिस्ट से बाहर निकालने का आदेश दिया है। इस वर्ष जनवरी में जारी एक आदेश के अनुसार, मार्च के अंत तक केवल गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, राम नवमी और महावीर जयंती को ही 'शराबबंदी दिवस' के रूप में मनाया जाएगा।
ये भी पढ़ें-
BJP ने राज्यसभा के लिए घोषित किए 9 नाम, नितिन नवीन का नाम भी शामिल; देखें पूरी लिस्ट