नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस के दो दरोगा (SI) इंदौर से गिरफ्तार किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए एसआई में एक पुरुष और एक महिला शामिल है। दोनों फरार चल रहे थे। दोनों दरोगा हेराफेरी से नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के ठगी के मामलों में फ्रीज बैंक अकाउंट से मोटी रकम निकालकर फरार हो गए थे।
एक करोड़ की कीमत का सोना बरामद
आरोपियों के पास से एक करोड़ की कीमत का सोना बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, इस ठगी का पता अप्रैल महीने में लगा। एक सब इंस्पेक्टर नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में पोस्टेड था, जबकि उसकी दोस्त महिला SI शाहदरा जिले में कार्यरत थी। पुलिस दोनों आरोपी SI को दिल्ली ला रही है।
ट्रक से सामान चुराने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
वहीं, दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके में माल से लदे ट्रकों की रस्सियां काटकर सामान से भरे जूट के बोरे चुराने और सहायकों को चाकू दिखाकर धमकाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आमिर (22) और राहुल (23) नाम के आरोपियों को आज़ादपुर मंडी के पास अलग-अलग गश्ती अभियानों में सोमवार रात को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से दो चाकू बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे महंगी मौसमी सब्ज़ियों से लदे ट्रकों को निशाना बनाते थे। वे सामान बांधने वाली रस्सियां काटकर बोरे लेकर भाग जाते थे।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान टीम ने आमिर को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त देखा। रोकने के प्रयास के दौरान आमिर ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। एक अन्य आरोपी राहुल को भी आज़ादपुर मंडी के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है।
(भाषा इनपुट के साथ)