1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में 26 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम, जानिए बारिश को लेकर क्या है ताजा अपडेट?

दिल्ली-NCR में 26 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम, जानिए बारिश को लेकर क्या है ताजा अपडेट?

 Published : Jan 24, 2025 11:22 pm IST,  Updated : Jan 25, 2025 06:30 am IST

दिल्ली का मौसम कब बदल जाए कुछ कहा नहीं जा सकता है। दिल्ली में दो दिन से तेज धूप निकल रही है। इसलिए लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने 26 जनवरी को लेकर ताजा अपडेट दिया है।

दिल्ली के मौसम का हाल- India TV Hindi
दिल्ली के मौसम का हाल Image Source : FILE PHOTO PTI

राष्ट्रीय जधानी दिल्ली-एनसीआर में दो दिन पहले हल्की बारिश हुई। इसके बाद से मौसम में खासा बदलाव आया है। दिल्ली का तापमान काफी बढ़ रहा है। दिन के समय तेज धूप निकल रही है। इसके चलते दिन में ठंड कम हो रही है। सुबह और शाम के समय ही ठंड हो रही है। सुबह और शाम के समय तापमान में थोड़ी गिरावट रहती है। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बड़ी संख्या में इंडिया गेट पहुंचते हैं लोग

दिल्ली में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के मौके पर इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर परेड होती है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। ऐसे में 25 और 26 जनवरी (शनिवार और रविवार) को लेकर राजधानी दिल्ली के मौसम का ताजा अपडेट सामने आया है।

शनिवार को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 25 जनवरी (शनिवार) को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद पूरे दिन आसमान साफ ​​रहेगा। शाम को फिर हल्का कोहरा रह सकता है।

26 जनवरी को नहीं होगी बारिश, साफ रहेगा मौसम

इसके साथ ही मौसम विभाग ने 26 जनवरी यानी रविवार को लेकर अपडेट दिया है। मौसम विभाग ने बताया कि 26 जनवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सुबह हल्की हवाएं और कोहरा छाने की संभावना है। दिन के समय आसमान साफ ​​रहेगा और तेज धूप भी निकली रहेगी। मौसम विभाग ने बताया कि 26 जनवरी को दिल्ली में बारिश को लेकर कोई भी अनुमान नहीं है।  

हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड

वहीं, दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार को हरियाणा और पंजाब के कई स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में कड़ाके की ठंड रही है और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पठानकोट में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा है। 

करनाल में 6.4 डिग्री तापमान

मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 7.3 डिग्री सेल्सियस और भिवानी में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।