अगर आप इस वर्ष होने वाली बिहार बोर्ड 12वीं कक्षा की परीक्षा में शामिल होंगे तो ये खबर आपके लिए बेहद फायदेमंद सिद्ध होगी। बिहार बोर्ड 12वीं कक्षा की परीक्षा के शुरू होने में अब बहुत ज्यादा समय शेष नहीं रह गया है। ऐसे में बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड ने 12वीं कक्षा की परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स के लिए एक आवश्यक सूचना जारी की है। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने ऑफिशियल हैंडल @officialbseb से इस संबंध में एक पोस्ट साझा की है।
बोर्ड द्वारा जारी की सूचना के अनुसार, यदि कोई स्टूडेंट केन्द्रों पर निर्धारित समय के बाद पहुंचता है और फिर जबरदस्ती एवं अवैध रूप से परीक्षा परिसर में प्रवेश करता करता हुआ पाया जाता है तो इसे क्रिमिनल ट्रेसपास मानते हुए संबंधित परीक्षार्थी को 02 वर्ष के लिए परीक्षा से निष्कासित किया जाएगा। इसके अलावा संबंधित परीक्षार्थी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा है, "यदि कोई परीक्षार्थी अपने परीक्षा केन्द्र पर निर्धारित समय से विलंब से पहुंचने के कारण चहारदीवारी (बाउंड्री) से कूदकर अथवा गेट पर जबरदस्ती एवं अवैध रूप से परीक्षा में प्रवेश करने का प्रयास करते हैं, तो उसे समिति के निर्देशों का उल्लंघन तथा क्रिमिनल ट्रेसपास की श्रेणी में माना जाएगा। साथ ही यह कदाचाररहित परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने का स्पष्ट प्रयास तथा आपराधिक कृत्य भी समझा जाएगा।"
आगे लिखा है, "ऐसे मामले को क्रिमिनल ट्रेसपास मानते हुए संबंधित परीक्षार्थी को 02 वर्ष के लिए परीक्षा से निष्कासित किया जाएगा तथा उसके विरूद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। साथ ही, उस परीक्षा केन्द्र के केंद्राधीक्षक एवं अन्य चिन्हित व्यक्ति के विरूद्ध निलंबन एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"