अगर आपने भी CUET UG 2025 की परीक्षा के लिए अप्लाई किया है तो ये खबर आपके लिए ही है। विश्वविद्यालय सामान्य प्रवेश परीक्षा यानी सीयूईटी यूजी की आठ मई को होने वाली परीक्षा के स्थगित होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, 8 मई से शुरू होने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET)-UG को स्थगित किया जा सकता है। नई तारीखों की आधिकारिक घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है।
परीक्षा गुरुवार से शुरू होने वाली थी, लेकिन एजेंसी ने अभी तक विषयवार तिथि की घोषणा नहीं की है। सूत्रों के अनुसार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG आयोजित करने का विशाल कार्य अभी-अभी पूरा किया है, जो पिछले साल सवालों के घेरे में थी। एक सूत्र ने कहा, "परीक्षा स्थगित होने की संभावना है और नयी तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।"
13.5 लाख आवेदन
सीयूईटी यूजी के जरिए देश में स्नातक(UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है। इस साल रिकॉर्ड सीयूईटी यूजी के लिए 13.5 लाख आवेदन किए गए हैं। पिछले साल से परीक्षा के तरीके में बदलाव करते हुए परीक्षा को केवल CBT मोड में यानी कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित किया जाएगा।
बता दें कि वर्ष 2022 में परीक्षा के पहले संस्करण में सीयूईटी-यूजी में टेक्निकल गड़बड़ियां सामने आई थीं। साथ ही एक विषय के लिए कई शिफ्ट में परीक्षा आयोजित किए जाने के कारण परिणामों की घोषणा के दौरान प्राप्त अंक का सामान्यीकरण करना पड़ा। वर्ष 2024 में पहली बार हाइब्रिड मोड में परीक्षा आयोजित की गई थी। लॉजिस्टिक कारणों से इसे आयोजित होने से एक रात पहले दिल्ली भर में रद्द कर दिया गया था। (Input-PTI)