1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. बिहार विधान सभा चुनाव 2020
  4. जेपी नड्डा ने बिहार विधानसभा को लेकर किया बड़ा ऐलान, जानिए नीतीश के बारे में क्या कहा

जेपी नड्डा ने बिहार विधानसभा को लेकर किया बड़ा ऐलान, जानिए नीतीश के बारे में क्या कहा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 23, 2020 12:43 pm IST,  Updated : Aug 23, 2020 01:16 pm IST

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज कहा है कि बीजेपी, जनता दल यूनाइडेट और राम विलास पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी तीनों साथ मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे

BJP, JD(U), LJP साथ मिलकर लड़ेंगे बिहार विधानसभा चुनाव : जे.पी. नड्डा- India TV Hindi
BJP, JD(U), LJP साथ मिलकर लड़ेंगे बिहार विधानसभा चुनाव : जे.पी. नड्डा Image Source : PTI

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी  नड्डा ने आज कहा है कि बीजेपी, जनता दल यूनाइडेट और राम विलास पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी तीनों साथ मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और प्रदेश में एकबार फिर एनडीए की सरकार बनाने में सफल होंगे।  नड्डा ने रविवार को कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी घटक दल मिलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरेंगे और जीत हासिल करेंगे। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की शनिवार से शुरू हुई दो दिवसीय डिजिटल बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंस से संबोधित करते हुए नड्डा ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा और उन पर ‘‘हल्की’’ राजनीति करने का आरोप लगाया। 

उन्होंने कहा, ‘‘जब-जब भाजपा, नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड और लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) एक साथ आई हैं, तब-तब राजग की जीत हुई है। इस बार भी हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे और यशस्वी होंगे।’’ केंद्र सरकार की योजनाओं और कोविड-19 महामारी के दौरान केंद्र व राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का विस्तृत ब्योरा देते हुए नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इन उपलब्धियों के बारे में समाज को बताएं। 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को फैलाने का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘मोदी जी का संदेश पहुंचाना है, भारत सरकार का संदेश भी पहुंचाना है और राजग द्वार नीतीश जी के द्वारा किए गए कार्य को भी नीचे तक ले जाना है। नीतीश जी के नेतृत्व में हम अगले चुनाव में जा रहे हैं। हम सबको पूरी ताकत के साथ लगना है और मोदी जी की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है।’’ विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि न तो उनके पास कोई विचार है और न ही कोई दृष्टि। 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं विपक्ष पर कोई कटाक्ष करूं इसकी कोई जरूरत नहीं है। लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि बिहार या अन्य स्थानों पर उसकी ताकत खत्म हो गई है। विपक्ष के पास न कोई ताकत है, न विचार है, न दृष्टि है और ना ही मन में कोई संकल्प है। उन्होंने कहा, ‘‘थोथी राजनीति,हल्की राजनीति, वे इससे ऊपर नहीं उठ सकते।’’ उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को भाजपा और राजग से उम्मीद है। 

नड्डा ने कहा, ‘‘हम यह गर्व के साथ कह सकते हैं कि हमने उनकी तकदीर और तस्वीर बदलने में योगदान किया है और आगे भी करेंगे।’’ उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया उन्हें न सिर्फ भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी है बल्कि सहयोगी दलों के कंधों को भी मजबूती देनी होगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण काल में छोटी-छोटी बैठकें और घर-घर जाकर प्रचार करना सबसे प्रभावी होने वाला है। इस दौरान सभी को अपनी सुरक्षा भी करनी है और साथ-साथ राजनीतिक मुद्दों को जनता तक पहुंचाना भी है।  (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bihar Vidhan Sabha Chunav 2020 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024