1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018
  4. छत्‍तीसगढ़ में कांग्रेस ने फिर खेला कर्जमाफी का कार्ड, टीएस सिंहदेव बोले पहले दिन ही होगा फैसला

छत्‍तीसगढ़ में कांग्रेस ने फिर खेला कर्जमाफी का कार्ड, टीएस सिंहदेव बोले पहले दिन ही होगा फैसला

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 05, 2018 05:17 pm IST,  Updated : Nov 05, 2018 05:17 pm IST

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में एक बार फिर कांग्रेस ने किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा छेड़ दिया है।

TS Singh Deo- India TV Hindi
TS Singh Deo

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में एक बार फिर कांग्रेस ने किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा छेड़ दिया है। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष व सरगुजा से विधायक टी.एस. सिंहदेव का कहना है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहले ही दिन किसानों की कर्ज माफी का फैसला किया जाएगा। सिंहदेव ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों की कर्ज माफी का ऐलान किया है और उनकी मंशा किसानों की खुशहाली है, लिहाजा राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर पहले ही दिन किसानों के कर्ज माफ करने का फैसला होगा।

उल्लेखनीय है कि राहुल ने कांग्रेस की सरकार बनने पर 10 दिनों के भीतर किसानों की कर्ज माफी का ऐलान किया है। सिंहदेव ने कहा कि राज्य की रमन सिंह सरकार ने सिर्फ प्रदेशवासियों से वादे ही किए, उन्हें पूरा नहीं किया, यही कारण है कि इस सरकार के खिलाफ लोगों में असंतोष है और वे कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना चुके हैं। 

राज्य की नौजवान पीढ़ी को रोजगार न मिलने का आरोप लगाते हुए सिंहदेव ने कहा, "राज्य सरकार रोजगार देने के वादे करती रही है, लेकिन नौजवान रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। अन्य समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं, गरीबों को न तो जमीन के पट्टे मिले हैं और न ही दीगर सुविधाएं। इसके चलते जमीनी स्तर पर वर्तमान राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक असंतोष है।"

कांग्रेस में गुटबाजी और अजीत जोगी के अलग होने से पार्टी को संभावित नुकसान के सवाल पर सिंहदेव ने कहा, "कांग्रेस में गुटबाजी नहीं है। जहां तक जोगी की बात है, वह जब पार्टी में थे, तब भीतर रहकर ज्यादा नुकसान करते थे। अब वह घर से बाहर हैं, लिहाजा उनके जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होने वाला।"

यह पूछने पर कि मतदाता आखिर कांग्रेस को वोट क्यों देगा? उन्होंने कहा, "राज्य की रमन सरकार ने जो वादे किए, वे पूरे नहीं हुए। वहीं कांग्रेस ने नौजवानों को रोजगार देने, वनाधिकार अधिनियम का लाभ देने, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने, महिला सुरक्षा, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाएं देने के वादे किए हैं। जनता को कांग्रेस पर भरोसा है, लिहाजा वह वोट देगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Chhattisgarh Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024