1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. हरियाणा विधान सभा चुनाव 2019
  4. कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए 84 उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट जारी की, अशोक तंवर का नाम नहीं

कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए 84 उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट जारी की, अशोक तंवर का नाम नहीं

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 03, 2019 06:32 am IST,  Updated : Oct 03, 2019 07:12 am IST

कांग्रेस ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने 84 उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट बुधवार रात को जारी कर दी।

Congress Leader and Ex-CM of Haryana Bhupinder Singh Hooda | PTI File Photo- India TV Hindi
Congress Leader and Ex-CM of Haryana Bhupinder Singh Hooda | PTI File Photo

नई दिल्ली: कांग्रेस ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने 84 उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट बुधवार रात को जारी कर दी। इस लिस्ट के मुताबिक, पार्टी ने एक को छोड़कर बाकी सभी मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी सूची के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई सीट से और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला कैथल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के दोनों बेटों को टिकट दिया है।

रेणुका विश्नोई को नहीं मिला टिकट

हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस के 17 विधायक हैं, जिनमें से पार्टी ने केवल रेणुका विश्नोई को उम्मीदवार नहीं बनाया है, जो हांसी से विधायक हैं। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के दोनों बेटों, कुलदीप विश्नोई और चंद्र मोहन, को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है। विश्नोई हिसार की आदमपुर सीट से ताल ठोकेंगे वहीं उनके भाई और पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन पंचकुला से चुनाव लडेंगे। इनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल के बेटे रणवीर महिंद्रा बधरा से और पुत्रवधू किरण चौधरी तोशाम से किस्मत आजमाएंगी।


लिस्ट में कुमारी सैलजा का भी नाम नहीं
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा को पार्टी ने गनौर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। इस सूची में हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के नाम नहीं हैं। आपको बता दें कि हरियाणा में 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे जबकि वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। 2014 के विधानसभा चुनावों की बात करें तो बीजेपी ने कांग्रेस को मात देकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी और मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री बने थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Haryana Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024