1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. अखिलेश यादव का आरोप, कहा- ‘BJP के साथ-साथ कांग्रेस भी गठबंधन के बारे में भ्रम फैला रही है’

अखिलेश यादव का आरोप, कहा- ‘BJP के साथ-साथ कांग्रेस भी गठबंधन के बारे में भ्रम फैला रही है’

 Written By: Bhasha
 Published : May 11, 2019 01:51 pm IST,  Updated : May 11, 2019 01:51 pm IST

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने BJP और बाकी दलों पर सपा-बसपा गठबंधन के खिलाफ अफवाहें फैलाने का आरोप लगाते हुए दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं से ऐसी साजिशों से बचने को कहा।

Samajwadi Party President Akhilesh Yadav, Bahujan Samaj...- India TV Hindi
Samajwadi Party President Akhilesh Yadav, Bahujan Samaj Party chief Mayawati and RLD chief Ajit Singh Image Source : PTI

लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने BJP और बाकी दलों पर सपा-बसपा गठबंधन के खिलाफ अफवाहें फैलाने का आरोप लगाते हुए दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं से ऐसी साजिशों से बचने को कहा। अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रतापगढ़ आए थे और सपा-बसपा में भ्रम फैलाने के लिए जानबूझकर कहा कि सपा दूसरे दलों की मदद कर रही है और वह बसपा के साथ नहीं है। इसी तरह की अफवाह बाकी दल भी फैला रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि पहले तो प्रधानमंत्री ने कहा था, लेकिन अब सुनने में आ रहा है कि कांग्रेस भी इसी तरह की अफवाह फैला रही है। मैं कहना चाहता हूं कि सपा-बसपा का गठबंधन मजबूत है। मेरी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं से अपील है कि इस तरह की अफवाहों से दूर रहें। हमें सपा कार्यकर्ताओं और बसपा नेतृत्व तथा कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे। अखिलेश ने आरोप लगाया कि अफवाहें फैलाने में कांग्रेस और भाजपा एक ही जैसे हैं। 

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग तो 'रेड कार्ड' के जरिए चुनाव जीतना चाहते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ जितने रेड कार्ड जारी करना चाहते हो, जारी करो। जहां कहीं भी चुनाव हो रहा है, वहां सपा और बसपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ रेड कार्ड जारी कर रहे हैं। ऐसा करके उन्हें मतदान से रोका जा रहा है। 

अखिलेश यादव ने कहा ''हमने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि क्या सिर्फ सपा-बसपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही रेड कार्ड जारी होगा। क्या भाजपा बिल्कुल पाक साफ है? उसमें कोई ऐसा नहीं है जिसकी आपराधिक छवि हो।'' उन्होंने आरोप लगाया कि कौशाम्बी के चुनाव के दौरान प्रतापगढ़ में सबसे ज्यादा अन्याय सपा और बसपा कार्यकर्ताओं पर हुआ है। उन पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। जिन लोगों ने कार्यक्रम करने के लिए जमीन दी थी, उन पर भी झूठे मुकदमे दर्ज हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा अन्याय करने, अफवाह फैलाने, साजिश रचने और झूठे मुकदमे दर्ज कराने के मामले में एक ही जैसे हैं। सपा अध्यक्ष ने चुनाव प्रचार में भाजपा नेताओं द्वारा प्रयोग की जाने वाली भाषा का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव में ऐसे अल्फाज का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि दूसरे लोग गुंडों के सरताज हैं। वहीं, लखनऊ में चुपचाप बिहार के सबसे बड़े अपराधी राजन तिवारी को भाजपा में शामिल कर लिया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024