1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. दिल्ली में अकले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के रुख को बताया अव्यवहारिक

दिल्ली में अकले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के रुख को बताया अव्यवहारिक

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 12, 2019 03:58 pm IST,  Updated : Apr 12, 2019 03:59 pm IST

कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से गठबंधन के लिए मना किए जाने के बाद वह अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, हालांकि अगर आप सिर्फ दिल्ली में तालमेल करना चाहती है तो वह आज भी तैयार है।

Rahul Gandhi and Arvind Kejriwal- India TV Hindi
Rahul Gandhi and Arvind Kejriwal

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से गठबंधन के लिए मना किए जाने के बाद वह अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, हालांकि अगर आप सिर्फ दिल्ली में तालमेल करना चाहती है तो वह आज भी तैयार है। पार्टी के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने यह भी कहा कि जल्द ही दिल्ली की सभी सात सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। 

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''हम सहमति बनाने की कोशिश कर रहे थे। हमारी नीति है कि भाजपा को हराने के लिए अलग-अलग राज्यों में गठबंधन किय जाए। दिल्ली में भी यह सुझाव आया कि आप के साथ गठबंधन किया जाए और वह (कांग्रेस) तैयार भी है।'' चाको ने कहा, ''दिल्ली इकाई आप के साथ जाने को लेकर चिंता जताई थी। हालांकि राहुल गांधी ने मुझे जिम्मेदारी दी थी कि मैं अपने नेताओं और आप के साथ बातचीत करूं। संजय सिंह उधर से बात कर रहे थे।'' 

उन्होंने कहा, ''निगम चुनाव में कांग्रेस और आप का कुल वोट 47 प्रतिशत था। हम चाहते थे कि आप चार और कांग्रेस तीन सीटों पर लड़े। इस पर सहमति भी बन गयी थी। लेकिन आप की तरफ से यह बात आई कि हरियाणा और कुछ अन्य राज्यों में गठबंधन के लिए बात हो।'' उन्होंने कहा, ''दिल्ली की स्थिति और दूसरे राज्यों की स्थिति अलग है। परसों आप की तरफ से बयान आया कि गठबंधन नहीं हो रहा है।'' 

चाको ने कहा, ''आपका रुख व्यवहारिक नहीं है। इसलिये हमने सात सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया है। उम्मीदवारों की घोषणा एक दो दिन में कर दी जाएगी।'' यह पूछने जाने पर क्या अब दिल्ली में गठबंधन की संभावना पूरी तरह खत्म हो गई है तो उन्होंने कहा, '' हम सिर्फ दिल्ली में गठबंधन के लिए तैयार हैं।'' 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024