1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. मिजोरम विधानसभा चुनाव 2018
  4. मिजोरम में मोदी का हल्लाबोल, कहा- सिर्फ सत्ता चाहती है कांग्रेस, यहां के लोग नहीं हैं प्राथमिकता

मिजोरम में मोदी का हल्लाबोल, कहा- सिर्फ सत्ता चाहती है कांग्रेस, यहां के लोग नहीं हैं प्राथमिकता

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 23, 2018 09:33 pm IST,  Updated : Nov 23, 2018 09:33 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस द्वारा पूर्वोत्तर की संस्कृति का अपमान करने और पहनानवे को "विचित्र" कहने से उन्हें दुख हुआ।

मिजोरम में पीएम मोदी...- India TV Hindi
मिजोरम में पीएम मोदी की चुनावी सभा। Image Source : TWITTER

आइजोल: लुंगलेई (मिजोरम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस द्वारा पूर्वोत्तर की संस्कृति का अपमान करने और पहनावे को "विचित्र" कहने से उन्हें क्षेत्र के लोगों की पीड़ा महसूस हुई है। लुंगलेई में एक चुनावी रैली में प्रतिद्वंद्वी पार्टी पर बरसते हुए उन्होंने ये भी कहा कि देश ने कांग्रेस की " फूट डालो और राज करो’’ की नीति को समझ लिया है और यही वजह है कि पार्टी सिर्फ दो से तीन राज्यों तक ही सीमित हो गई है। पूर्वोत्तर में कांग्रेस के अंतिम गढ़ मिजोरम में इस महीने की 28 तारीख को मतदान होने वाला है। 

लुंगलेई में रैली के बाद पीएम मोदी ने विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा उम्मीदवारों, नागरिक समाज के सदस्यों और राज्य की राजधानी आइजोल के छात्र संगठनों से बातचीत की। आइजोल क्लब में लगभग एक घंटे तक बंद दरवाजे में हुई बातचीत के दौरान, मिजोरम-असम सीमा विवाद और ब्रू शरणार्थियों से संबंधित मुद्दे उठे। 

पीएम मोदी ने लुंगलेई में कहा, "कभी सबसे अधिक राज्यों में शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी अब सिर्फ दो या तीन राज्यों तक ही सीमित हो गई है। अब, मिजोरम के लोगों के पास इस कांग्रेस संस्कृति से छुटकारा पाने का सुनहरा मौका है।" प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस के लिए प्राथमिकता मिजोरम के लोग नहीं हैं। ये सत्ता हासिल करने के लिए लड़ रही है।’’ 

उन्होंने कहा, "जब मैं कांग्रेस के नेता को पूर्वोत्तर राज्यों के परंपरागत पोशाक का अपमान करते और उन्हें विचित्र कहते देखता हूं तो मुझे गहरी वेदना होती है। आपकी उम्मीद और महत्वाकांक्षा का कांग्रेस के लिए कोई मतलब नहीं है। उनकी प्राथमिकता सत्ता है, न कि मिजोरम के लोग।" 

इस साल अगस्त में कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी ‘‘विचित्र’’ साफा पहनते हैं। थरूर ने कहा था, "मैं आपसे पूछता हूं कि हमारे प्रधानमंत्री देश भर में या दुनिया भर में जहां कहीं भी जाते हैं, वे हर प्रकार का ‘‘विचित्र’’ साफा क्यों पहनते हैं और हमेशा मुस्लिम टोपी पहनने से इनकार क्यों करते हैं? 

मोदी ने जोर देकर कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को चौतरफा पहचान दिलाने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, "अपनी 'एक्ट ईस्ट’ और ‘एक्ट फास्ट' नीति के माध्यम से, भाजपा ने पिछले कुछ सालों में पूर्वोत्तर के हर क्षेत्र को विकसित किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा सरकारों का दोहरा इंजन मिजोरम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने कहा, "मिजोरम के विकास को तेज करने और राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार प्रदान करने के लिए, भाजपा आपके आशीर्वाद और आपके समर्थन की मांग करती है।" 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Mizoram Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024