1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. छत्‍तीसगढ़ में मरवाही विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस 3,664 मतों से आगे, भाजपा पीछे

छत्‍तीसगढ़ में मरवाही विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस 3,664 मतों से आगे, भाजपा पीछे

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Nov 10, 2020 11:51 am IST,  Updated : Nov 10, 2020 11:51 am IST

कांग्रेस के केके ध्रुव अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी गंभीर सिंह से 3,664 मतों से आगे हैं। अधिकारियों ने बताया कि ध्रुव को अब तक 8,520 मत प्राप्त हुए हैं तथा सिंह को 4,856 मत मिले हैं। वोटों की गिनती जारी है।

कांग्रेस के चुनाव चिन्‍ह वाले झंडे लहराते कार्यकर्ता। (चित्र प्रतीकात्‍मक)- India TV Hindi
कांग्रेस के चुनाव चिन्‍ह वाले झंडे लहराते कार्यकर्ता। (चित्र प्रतीकात्‍मक) Image Source : FILE PHOTO

रायपुर। छत्तीसगढ़ की मरवाही विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए हो रही मतगणना में सत्ताधारी दल कांग्रेस के प्रत्याशी अपने निकटतम भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी से 3,664 मतों से आगे हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि मरवाही विधासभा सीट के लिए आज सुबह आठ बजे शासकीय गुरुकुल विद्यालय में मतों की गिनती शुरू की गई। इस सीट के लिए तीन नवंबर को मतदान हुआ था।

उन्होंने बताया कि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के डा. केके ध्रुव अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी गंभीर सिंह से 3,664 मतों से आगे हैं। अधिकारियों ने बताया कि ध्रुव को अब तक 8,520 मत प्राप्त हुए हैं तथा सिंह को 4,856 मत मिले हैं। वोटों की गिनती जारी है।

मरवाही विधानसभा सीट के लिए आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस के ध्रुव और भाजपा के डॉक्टर गंभीर सिंह के मध्य रहने की संभावना है। गौरेला—पेंड्रा—मरवाही जिले के अंतर्गत आने वाला मरवाही विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। 2000 में नए राज्य के गठन के बाद से यह सीट जोगी परिवार के पास थी। बीते 29 मई को अजीत जोगी की मृत्यु के बाद से यह सीट रिक्त है। इस उपचुनाव के लिए जोगी के बेटे तथा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी पत्नी ऋचा जोगी का नामांकन जाति प्रमाण पत्र मामले के कारण रद्द हो गया था।

राज्य बनने के बाद यह पहली बार है कि इस सीट से जोगी परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ा। जोगी ने इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी का समर्थन करने का फैसला किया था। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 69 सीट, भारतीय जनता पार्टी के पास 14 सीट, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के पास चार सीट तथा बहुजन समाज पार्टी के पास दो सीटें हैं। इससे पहले राज्य में दंतेवाड़ा और चित्रकोट विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव कराए गए थे। दोनों उपचुनावों में सत्ताधारी दल ने जीत हासिल की थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024