1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. भाजपा गोवा में सरकार बनाने का दावा पेश करने के संबंध में शुक्रवार को फैसला करेगी

भाजपा गोवा में सरकार बनाने का दावा पेश करने के संबंध में शुक्रवार को फैसला करेगी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 10, 2022 10:08 pm IST,  Updated : Mar 10, 2022 10:08 pm IST

भाजपा ने कहा है कि उसे महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (दो सीट) और तीन निर्दलीय विधायकों से समर्थन के पत्र मिले हैं, जिससे सत्तारूढ़ दल 21 के बहुमत के आंकड़े को पार करने में सक्षम है। 

BJP- India TV Hindi
BJP Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • गोवा में भाजपा की जीत के बाद बढ़ा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत का कद
  • 40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 20 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी
  • पार्टी के नेता गुरुवार शाम राज्यपाल पी.एस. श्रीधरन पिल्लई से मुलाकात करेंगे

पणजी: गोवा में सत्ता बरकरार रखने में सफल रहने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह शुक्रवार को अपने नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक के बाद राज्य में अगली सरकार बनाने का दावा पेश करने पर फैसला करेगी। इससे पूर्व दिन में पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा था कि 40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 20 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और पार्टी गुरुवार की शाम राज्यपाल पी.एस. श्रीधरन पिल्लई से मुलाकात करेगी और सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।

भाजपा ने कहा है कि उसे महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (दो सीट) और तीन निर्दलीय विधायकों से समर्थन के पत्र मिले हैं, जिससे सत्तारूढ़ दल 21 के बहुमत के आंकड़े को पार करने में सक्षम है। भाजपा के गोवा के लिए चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार बनाने का दावा पेश करने पर फैसला शुक्रवार को पार्टी विधायक दल की बैठक के बाद लिया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष सदानंद तनवड़े, केन्द्रीय मंत्री श्रीपद नाइक और पार्टी के अन्य नेताओं की उपस्थिति में संवाददाता सम्मेलन में यह टिप्पणी की।

फडणवीस ने कहा कि एमजीपी ने औपचारिक रूप से भाजपा को सरकार गठन में पार्टी को समर्थन देने के लिए एक पत्र दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘एमजीपी के दोनों विजयी उम्मीदवार तीन निर्दलीय विधायकों के साथ भाजपा का समर्थन करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड उन सभी राज्यों के परिणामों पर चर्चा करने के लिए गुरुवार की देर रात नई दिल्ली में बैठक करेगा, जहां फरवरी-मार्च में चुनाव हुए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘समिति गोवा के लिए एक पर्यवेक्षक नामित करेगी, जो विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए कल यहां पहुंचेंगे।’’ महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि बैठक के बाद, पार्टी राज्यपाल से मिलने और सरकार गठन के लिए दावा पेश करने की तारीख तय करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व सभी चार राज्यों में अगली सरकार के शपथ ग्रहण समारोहों में शामिल होगा।

गोवा में भाजपा की जीत के बाद बढ़ा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत का कद

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत राज्य के विधानसभा चुनाव में खंडित जनादेश की आशंका को धत्ता बताते हुए पार्टी को विजय दिलाने में सफल रहे। सावंत के नेतृत्व में भाजपा ने 40 सदस्यीय विधानसभा की 20 सीटों पर विजय प्राप्त की, जो पिछले चुनाव की तुलना में अधिक हैं। माना जा रहा है कि सावंत मुख्यमंत्री के पद पर बने रहेंगे। सावंत (48) उत्तर गोवा जिले की सांखली सीट से तीसरी बार विधायक चुने गए हैं।

भाजपा ने साल 2017 में जब मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में राज्य में सरकार बनाई थी तब सावंत को विधानसभा का अध्यक्ष बनाया गया था। लेकिन मार्च 2019 में पर्रिकर के निधन के बाद उन्हें मुख्यमंत्री बना दिया गया। आयुर्वेद चिकित्सक सावंत ने अपनी यात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का सदस्य बनकर आरंभ की और वह मुख्यमंत्री रहते हुए भी संघ के वार्षिक संचालन कार्यक्रम में भाग लेते रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024