Punjab Election result 2022 live : पंजाब के भविष्य के लिए आज बेहद अहम दिन है। आज पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर नतीजों (Punjab vidhan sabha election result) का ऐलान होना है। राज्य में 20 फरवरी को मतदान हुआ था। यहां कांग्रेस में फूट और अकाली भाजपा गठबंधन में विघटन के साथ ही आप की धमक ने चुनावों को रोचक बना दिया है। पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Election Results Today) में इस बार आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, बीजेपी, शिरोमणि अकाली दल और पंजाब लोक कांग्रेस मुकाबले में हैं।
मतगणना से पहले पंजाब में बीते 15 साल में सबसे कम वोटिंग पर भी राजनैतिक विशेषज्ञों ने चिंता जताई है। राज्य में 71.95 फीसदी वोट पड़े हैं। इस बार के पंजाब विधानसभा चुनाव में चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) को कांग्रेस ने सीएम चेहरे के रूप में उतारा है। तो वहीं आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान (Bhagwant Mann) को मुख्यमंत्री प्रत्याशी घोषित किया है। अब देखना होगा पंजाब का 'सरदार' कौन बनता है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को पंजाब में पारंपरिक दलों कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल से मोहभंग करते हुए बारी-बारी राज्य में सरकार बनाने की कड़ी को भी तोड़ दिया। इसके लिए चुनाव प्रचार के दौरान आप ने लगातार मतदाताओं से बदलाव की गुहार लगायी थी। पंजाब विधानसभा चुनाव में 90 से अधिक सीटों पर जीत की ओर बढ़ रही आप के राष्ट्रीय संयोजक ने पार्टी की जीत को ''क्रांति'' करार दिया है। पंजाब में जीत के साथ ही आम आदमी पार्टी पूर्ण राज्य का दर्जा वाले प्रदेश की बागडोर संभालेगी। आम आदमी पार्टी की दिल्ली में भी सरकार है जोकि एक केंद्र शासित प्रदेश है।
पंजाब विधानसभा चुनाव के परिणाम से बादल परिवार को तगड़ा झटका लगा है और आम आदमी पार्टी (आप) के कम जाने-पहचाने चेहरों ने भी उन्हें भारी अंतर से हरा दिया है। तीन दशकों में यह पहली बार होगा कि 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में बादल परिवार का कोई प्रतिनिधित्व नहीं होगा। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल मुक्तसर जिले की अपनी पारंपरिक लंबी सीट से आप के गुरमीत सिंह खुदियां से हार गए। 94 वर्षीय प्रकाश सिंह बादल चुनावों में सबसे उम्रदराज उम्मीदवार थे। खुदियां ने प्रकाश बादल को 11,396 मतों के अंतर से हराया।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को पंजाब में फाजिल्का जिले की जलालाबाद सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार जगदीप कंबोज से हार का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार को घोषित चुनाव परिणामों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बेटे सुखबीर 30,930 मतों के अंतर से पराजित हो गये। सुखबीर फिरोजपुर से शिअद के सांसद हैं। वह जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे थे। सुखबीर इससे पहले तीन बार विधायक रह चुके हैं। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों के लिए बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई थी।
चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकडों के अनुसार पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी दोनो सीटों से हारे। भदौर में वे 37,558 मतों से हारे। वहीं चमकौर साहिब में 7942 मतों से पराजित हुए।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि पंजाब में कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी के रूप में एक नया नेतृत्व प्रस्तुत किया, जो मिट्टी के सपूत हैं, लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यकाल के 4.5 साल की पूरी सत्ता विरोधी लहर से उबरा नहीं जा सका। इसलिए लोगों ने बदलाव के लिए आप को वोट दिया।
NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि पंजाब की जनता ने भाजपा और कांग्रेस को हराकर आम आदमी पार्टी को जनादेश दिया। पंजाब के किसानों के दिल में था पीएम मोदी के खिलाफ गुस्सा...। बीजेपी को महाराष्ट्र में ढाई साल इंतजार करना होगा।
भगवंत मान अगले सीएम होंगे, वह मेरे छोटे भाई हैं। यह बात आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कही।
शिरोमणि अकाली देल के नेता सुखबीर सिंह ने कहा कि मैं पूरे सह्रदय और विनम्रता के साथ पंजाब की जनता के निर्णय को स्वीकार करता हूं।
दिल्ली: पंजाब में आम आदमी पार्टी के बेहतर प्रदर्शन पर दिल्ली में AAP ऑफिस के बाहर पार्टी के समर्थक जश्न मनाते हुए दिखे।
आप के सीएम प्रत्याशी भगवंत मान ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शुभकामनाएं दी है। अपने घर संग्रुर में उन्होंने कहा कि बड़े बादल, सुखवीर बादल और कैप्टन भी चुनाव हार गए। चन्नी भी दोनों सीटों से चुनाव हार गए। मजीठिया और सिद्धू भी हार गए। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब महलों से चलता था, अब गांवों से चलेगा।
पंजाब में जारी मतगणना में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने हार मान ली है। उन्होंने कहा कि सिर झुकाकर जनता के फैसले को स्वीकार करता हूं। आप पार्टी को जीत की बधाई।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत की सुनामी के बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान के साथ अपना एक चित्र ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने कहा कि इस इन्कलाब के लिए पंजाब के के लोगों को बहुत बहुत बधाई।
पंजाब में मतगणना के बीच पटियाला से आए परिणाम के तहत पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव हार गए हैं।
पंजाब में जारी मतगणना के बीच अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल लाम्बी विधानसभा सीट पर पिछड़ रहे हैं।
पंजाब में काउंटिंग चल रही है। आम आदमी पार्टी 117 विधानसभा सीटों में से 90 पर बढ़त बनाए हुए है।
आम आदमी पार्टी की पंजाब में जीत को लेकर देशभर के आप कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह देखा जा रहा है। चंडीगढ़, अमृतसर, दिल्ली और नागपुर में कार्यकर्ता उत्साह के साथ जीत का जश्न मना रहे हैं।
पंजाब में काउंटिंग चल रही है। ताजा अनुमानों के अनुसार आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर आ रहा है। यहां आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीएम प्रत्याशी भगवंत मान के बड़े बड़े कटआउट नजर आने लगे हैं।
पंजाब में 117 सीटों पर मतगणना जारी है। ताजा रुझानों के तहत कांग्रेस 13 और आप 89 सीटों पर आगे चल रही है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी तेजी से जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। ताजा रुझानों के तहत 117 में से 88 सीटों पर आप बढ़त बनाए हुए है। आप की जीत का उत्साह इस बच्चे की वेशभूषा से भी देखने को मिलता है। आप समर्थक इस बच्चे में अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम प्रत्याशी भगवंत मान की छवि नजर आ रही है।
पंजाब में चन्नी, नवजोत सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह शुरुआती रुझानों में पिछड़े।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने पंजाब में आप की प्रचंड जीत की ओर बढ़ते हुए कदम पर कहा कि हम पहले दिन से कह रहे थे कि आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। पंजाब के लोगों ने भगवंत मान और केजरीवाल की जोड़ी को गले से लगाया है। पंजाब की सियासत के बड़े बड़े लोगों के सिंहासन डोल गए, उनकी अपनी सीटों पर भी हालत खराब है।
आम आदमी पार्टी के गोपाल राय ने पंजाब में आप की बढ़त पर कहा कि अभी तक के रुझान सकारात्मक हैं और जो परिणाम आएंगे वे भी सकारात्मक होंगे। पंजाब के लोगों का शुक्रिया है कि उन्होंने बदलाव के लिए हमारे द्वारा लिए गए संकल्प को पूरा किया है।
पंजाब में 117 सीटों पर मतगणना जारी है। ताजा रुझानों के तहत कांग्रेस 20 और आप 72 सीटों पर आगे चल रही है।
चुनाव आयोग द्वारा जारी रुझान के आंकड़ों के अनुसार बीजेपी में आम आदमी पार्टी 6, अकाली दल 2, बीजेपी 1 और अन्य 2 सीटों पर आगे हैं।
पंजाब में 117 सीटों पर मतगणना जारी है। 98 सीटों पर मिले ताजा रुझानों के तहत कांग्रेस 30 और आप 51 सीटों पर आगे चल रही है।
अमृतसर ईस्ट पर मतगणना जारी है। कांग्रेस प्रत्याशी नवजोत सिंह सिद्धू पीछे चल रहे हैं। वे तीसरे नंबर पर हैं। आप पहले नंबर पर है, वे पीछे चल रहे हैं।
पंजाब में जारी मतगणना के बीच बीजेपी की अलका सिंह सेंडिला सीट से आगे चल रही हैं।
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने मतगणना के बीच सुबह चमकौर साहिब गुरुद्वारे में अपने परिवार सहित अरदास की।
पंजाब के मुकेरियां में मतदान चल रहा है। शिरोमणि अकाली दल शुरुआती बढ़त बनाए हुए है।
पंजाब 117 सीटों में से 76 सीटों के रुझान मिले हैं। इनमें से 26 पर कांग्रेस और 40 पर आप पार्टी आगे चल रही हैं।
जलालाबाद विधानसभा सीट पर शुरुआती मतगणना में शिरोमणि अकाली दल के सुखवीर बादल आगे चल रहे हैं।
पंजाब के गुरुदासपुर में आधा घंटा पहले यानी सुबह 8 बजे काउंटिंग शुरू हो गई है।
पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। ताजा रुझानों के मुताबिक 47 सीटों पर पर रुझान मिले हैं। इनमें से आप पार्टी 30 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 11 सीटों पर शुरूआती बढ़ती बनाए हुए है।
कांग्रेस से अलग होकर अपनी अलग पार्टी बनाने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह मतणना शुरू होते ही पटियाला विधानसभा सीट पर बढ़त बनाते हुए आगे चल रहे हैं।
पंजाब में मतगणना ठीक आठ बजे शुरू हो गई है। पंजाब के सीएम चन्नी दोनों सीटों से आगे चल रहे हैं।
पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए आज मतगणना हो रही है। इसके लिए इस बार आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी एलाइंस के बीच मुकाबला है। पंजाब में इस बार आप पार्टी ने जीत के लिए काफी जोर लगाया है। वहीं कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू और चन्नी के बीच सत्ता को लेकर अंदरुनी तौर पर खींचतान चलती रही है। यह देखना है कांग्रेस सत्ता पर फिर से काबिज हो सकेगी, या आप के सीएम प्रत्याशी भगवंत मान जो काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं, उन्हें पहली बार सत्ता की शीर्ष सीट पर बैठने का सौभाग्य प्राप्त होगा। क्या कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस से अलग पार्टी बनाने के बाद कुछ चौंकाने वाले परिणामों में अहम भूमिका निभाएंगे, इस सभी सवालों के जवाब आज होने वाली मतगणना में मिलने वाले हैं। पंजाब में कुछ देर बाद वोटिंग शुरू होने वाली है।
आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने संगरूर में गुरुद्वारा गुर्सागर मस्तुअना साहिब में माथा टेका। उन्होंने कहा किहमें उम्मीद है कि पंजाब के लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है।
पंजाब में बस कुछ ही देर में काउंटिंग शुरू होने वाली है। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। \
पंजाब में 1970 में शिरोमणि अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल पहली बार मुख्यमंत्री बने। इसके बाद 1972 से 1977 तक कांग्रेस के जैल सिंह ने पंजाब की कुर्सी संभाली। 1977 से 1980 तक प्रकाश सिंह बादल फिर राज्य के सीएम बने। फिलहाल पंजाब में अभी कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह के हाथ राज्य की कमान थी।
संपादक की पसंद