1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018
  4. VIDEO: शरद यादव का विवादित बयान- वसुंधरा राजे मोटी हो गई हैं, अब उन्हें आराम दो

VIDEO: शरद यादव का विवादित बयान- वसुंधरा राजे मोटी हो गई हैं, अब उन्हें आराम दो

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 06, 2018 07:19 pm IST,  Updated : Dec 06, 2018 07:25 pm IST

सीएम वसुंधरा पर शरद यादव की इस टिप्पणी का एक विडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद इनकी आलोचना शुरू हो गई।

sharad yadav- India TV Hindi
sharad yadav

अलवर (राजस्थान): पूर्व केन्द्रीय मंत्री और जेडीयू के पूर्व नेता शरद यादव ने राजस्थान के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन एक रैली में सीएम वसुंधरा राजे पर एक विवादित टिप्पणी की है। अलवर में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन शरद यादव ने कहा कि राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे मोटी हो गईं हैं और उन्हें अब आराम दिया जाना चाहिए। हालांकि वसुंधरा को उन्होंने मध्य प्रदेश की बेटी बताया।

अलवर की मुंडावर सीट पर कांग्रेस गठबंधन के कैंडिडेट के समर्थन में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शरद यादव ने कहा, "यह वसुंधरा इसको आराम दो...बहुत थक गई है...बहुत मोटी हो गई है...पहले पतली थी...हमारे मध्य प्रदेश की बेटी है।" उन्होंने आगे ये भी जोड़ा कि राजस्थान में शाम 7 बजे के बाद सरकार काम नहीं करती। यादव ने कहा कि वसुंधरा हमारे मध्यप्रदेश की बेटी है लेकिन महलों में रहने वाली किसान-मजदूर की पीड़ा नहीं जानती।

बता दें कि सीएम वसुंधरा पर शरद यादव की इस टिप्पणी का एक विडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद इनकी आलोचना शुरू हो गई। वीडियो पर कई लोगों ने नाराजगी भी जताई है। हालांकि अब तक बीजेपी ने इस विडियो पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। शरद यादव ने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने की अपील की और वसुंधरा सरकार को उखाड़ फेंकने को कहा।

शरद यादव का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी वह कई मुद्दों पर विवादित बयान देकर आलोचना का शिकार होते रहे हैं। इससे पहले 24 जनवरी 2017 को पटना की एक रैली में शरद यादव ने कहा कि वोट की इज्जत बेटी की इज्जत से बड़ी होती है। हालांकि इस पर विवाद होने के बाद यादव ने अपनी सफाई में कहा कि उनके कहने का मतलब यह था कि जैसे बेटी से प्यार करते हैं, वैसा ही प्यार वोट से भी करना चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Rajasthan Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024