नई दिल्ली: हेमा मालिनी के गुरुवार रात हुए एक्सीडेंट से उनके चेहरे पर काफी चोंटे आई थी जिसकी तस्वीरें वाइरल होते देर नहीं लगी थी और ताज़ा तस्वीर में बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल अस्पताल के स्ट्रेचर पर लेटी हुई नज़र आ रही हैं। तस्वीर में उनके गाल पर और माथे पर मरहम-पट्टी लगी हुई दिख रही है।
सड़क दुर्घटना में घायल होने की घटना में उनके ड्राइवर को लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोपों में आज गिरफ्तार कर लिया गया। इस हादसे में एक चार वर्षीय बच्ची की मौत होने के साथ ही हेमामालिनी समेत पांच लोग घायल हो गए थे।
66 वर्षीय हेमा मालिनी की यहां फोर्टिस अस्पताल में उनकी चोटों के संबंध में सर्जरी की गयी और इस समय वह स्वस्थ हैं। उनका इलाज कर रहे डाक्टरों ने यह जानकारी दी। फोर्टिस अस्पताल के डायरेक्टर पी तम्बोली ने बताया, उनके नाक के आसपास और दायीं आंख के उपर माथे पर चोटे आयी थीं।