1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Lok Sabha Election 2019: विवेक ओबराय ने भाजपा के तरफ से दिल्ली में किया चुनाव प्रचार

Lok Sabha Election 2019: विवेक ओबराय ने भाजपा के तरफ से दिल्ली में किया चुनाव प्रचार

 Published : May 05, 2019 11:29 pm IST,  Updated : May 05, 2019 11:29 pm IST

अभिनेता विवेक ओबराय ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया और दिल्लीवासियों से मोदी को वोट देने का आग्रह किया। ओबराय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निर्मित फिल्म को लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रदर्शित किए जाने से रोक दिया गया है।

vivek oberoi- India TV Hindi
vivek oberoi

नई दिल्ली: अभिनेता विवेक ओबराय ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया और दिल्लीवासियों से मोदी को वोट देने का आग्रह किया। ओबराय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निर्मित फिल्म को लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रदर्शित किए जाने से रोक दिया गया है।

विवेक ने यहां 'सातों सीटें मोदी को' नामक एक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान फिल्म का संवाद 'हाउज द जोश?' बोलकर एक नाटकीय मोड़ देने की कोशिश की।

उन्होंने इसे मोदी का एक टच देने की कोशिश की और कहा, "क्या मैं 'भाइयों और बहनो' कहूं या 'मित्रो'?"

विवेक ने कहा, "मुंबई के लोगों ने सही दिशा में उंगली दिखाई है। मैं सही उंगली की बात कर रहा हूं। अब दिल्ली के लोगों की बारी है उंगली दिखाने की। इसलिए 'सातों सीटें मोदी को'।"

उन्होंने कहा, "भारत के इतिहास में जब भी किसी राजकुमार या बाहरी व्यक्ति ने देश पर शासन किया, चारों तरफ सिर्फ लूट हुई। लेकिन आज हम सभी एकजुट हैं। देश का हर नागरिक इसका हिस्सा है।"

विवेक ने कहा, "हम सभी चौकीदार हैं, जो हथियारबंद और तैयार हैं। हम चौकीदार देश को लुटने नहीं देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत तय है। यह देश अब लुटेगा नहीं, उठेगा।"

ओबराय ने 'हर हर मोदी, हर घर मोदी', 'भारत माता की जय', 'सातों सीटें मोदी को' और 'जय हिंद' जैसे नारों के जरिए उपस्थित जन समूह में जोश भरने का काम किया।

उन्होंने कहा, "माधुरी दीक्षित का दिल धक-धक कर रहा है। लेकिन भारत का दिल क्या चाहता है? मोदी-मोदी। यदि मोदीजी देश के दिल की धड़कन है, तो निश्चित रूप से वह वापस प्रधानमंत्री बनेंगे। वह प्रधानमंत्री हैं और वह प्रधानमंत्री रहेंगे।"

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए विवेक ने कहा, "अब समय आ गया है..अंग्रेजो भारत छोड़ो।"

दिल्ली में मतदान 12 मई को होगा।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन