1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. क्या मुंबई स्थित आवास से गायब हैं रिया चक्रवर्ती?

क्या मुंबई स्थित आवास से गायब हैं रिया चक्रवर्ती?

 Written By: IANS
 Published : Jul 29, 2020 06:37 pm IST,  Updated : Jul 29, 2020 06:37 pm IST

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की प्रेमिका अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती कथित रूप से शहर में अपने आवास से गायब हैं।

rhea chakraborty- India TV Hindi
रिया चक्रवर्ती Image Source : INSTAGRAM/RHEA_CHAKRABORTY

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की प्रेमिका अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती कथित रूप से शहर में अपने आवास से गायब हैं। अभिनेत्री के खिलाफ सुशांत के पिता द्वारा पटना में एक प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने रिया की तलाश शुरू कर दी है, जिसने पहले दिवंगत अभिनेता की प्रेमिका होने की बात कबूल की है।

दिवंगत अभिनेता के पिता कृष्ण कुमार सिंह द्वारा प्राथमिकी में किए गए दावों की जांच के लिए मंगलवार को पटना से चार सदस्यीय पुलिस दल मुंबई पहुंचा।

टाइम्स नाउ न्यूज डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, हालांकि, जब बिहार पुलिस की टीम रिया के आवास पर पहुंची, तो वह उन्हें वहां नहीं मिली।

राजीव नगर पुलिस थाना प्रभारी योगेंद्र रविदास ने मंगलवार को कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता के.के. सिंह ने रिया सहित छह लोगों पर सप्ताहांत में प्राथमिकी दर्ज कराई, और अपनी शिकायत (एफआईआर संख्या 241/20) में उन्होंने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

पटना सेंट्रल जोन के आईजी संजय कुमार ने संवाददाताओं को बताया, "सुशांत सिंह राजपूत के पिता द्वारा दायर कराई गई एफआईआर के बाद रिया चक्रबर्ती और पांच अन्य व्यक्तियों के खिलाफ धारा 340, 341, 380, 406, 420 और 306 के तहत आरोप लगाए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।"

रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेत्री संभवत: सुशांत के पिता द्वारा उनके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर के खिलाफ अग्रिम जमानत याचिका दायर करने की योजना बना रही हैं, और इसलिए वह पुलिस के संपर्क में नहीं आ रही हैं।

रिया चक्रवर्ती बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के समय तक उन्हें डेट कर रही थीं। दोनों जल्द ही शादी करने की योजना बना रहे थे। हालांकि, सुशांत का 14 जून को निधन हो गया। अभिनेता की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनकी मौत को आत्महत्या का मामला बताया गया है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन