1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. देसी एक्शन और दमदार इमोशंस वाला 'निशानची' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, बालासाहेब ठाकरे का पोता कर रहा डेब्यू

देसी एक्शन और दमदार इमोशंस वाला 'निशानची' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, बालासाहेब ठाकरे का पोता कर रहा डेब्यू

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Sep 03, 2025 05:14 pm IST,  Updated : Sep 03, 2025 05:14 pm IST

अनुराग कश्यप की नई फिल्म 'निशानची' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। बालासाहेब ठाकरे के पोते ऐश्वर्या ठाकरे इससे डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म की कहानी उत्तर प्रदेश की गलियों पर आधारित है।

Nishaanchi Aaishvary Thackeray- India TV Hindi
ऐश्वर्य ठाकरे। Image Source : YT TRAILER SCREEN GRAB

मशहूर फिल्ममेकर अनुराग कश्यप एक बार फिर निर्देशक की कुर्सी पर लौट आए हैं और इस बार उन्होंने एक देसी मसाला एंटरटेनर के साथ वापसी की है। बुधवार को उनकी नई फिल्म 'निशानची' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही हलचल मचा दी। खास बात यह है कि इस फिल्म से बालासाहेब ठाकरे के पोते ऐश्वर्या ठाकरे अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर रहे हैं। उनके साथ मोनिका पवार और वेदिता पिंटो भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। निशांची का ट्रेलर दर्शकों को 2000 के दशक की शुरुआत में, सीधे उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर की चहल-पहल भरी गलियों में ले जाता है।

जुड़वां भाइयों की कहानी

'निशानची' की कहानी दो जुड़वां भाइयों- बबलू और डबलू के इर्द-गिर्द घूमती है। बबलू थोड़ा शरारती और तेज-तर्रार है, जबकि डबलू एक मासूम और सीधे स्वभाव का लड़का है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे बबलू को रिंकू नाम की एक लड़की से प्यार हो जाता है और फिर इन चार किरदारों- बबलू, डबलू, रिंकू और रंगीली की जिंदगियां उत्तर प्रदेश के एक छोटे से कस्बे में आपस में उलझती जाती हैं। फिल्म का ट्रेलर एक्शन, ड्रामा, रोमांस और हल्के-फुल्के ह्यूमर का शानदार मिश्रण है।

ट्रेलर में झलकता है अनुराग कश्यप का अंदाज

2000 के दशक की शुरुआत के लोकेशन, भाषा और किरदारों में अनुराग कश्यप का जाना-पहचाना अंदाज नजर आता है। ट्रेलर में गोलियों की गूंज, देसी गालियाँ, और नाटकीय टकराव दर्शकों को एक इंटेंस सिनेमैटिक एक्सपीरियंस का वादा करते हैं। बबलू और डबलू के किरदार में फिल्म में ऐश्वर्या ठाकरे डबल रोल निभा रहे हैं। दोनों भाई दिखने में बिल्कुल एक जैसे हैं, लेकिन उनकी सोच, जिंदगी जीने का तरीका और परिस्थितियों से निपटने का नजरिया पूरी तरह अलग है। यही टकराव फिल्म की कहानी को दिलचस्प बनाता है।

रिलीज डेट और टीम

'निशानची' 19 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म को प्रसून मिश्रा, रंजन चंदेल और अनुराग कश्यप ने मिलकर लिखा है। इसका निर्माण अजय राय और रंजन सिंह ने जार पिक्चर्स और फ्लिप फिल्म्स के बैनर तले किया है। अगर आप अनुराग कश्यप की स्टाइल में बनी देसी, इमोशनल और एक्शन से भरपूर फिल्म देखना चाहते हैं तो 'निशानची' को अपनी वॉचलिस्ट में जरूर जोड़ें।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन