1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 12 साल पुराना सुपरहिट गाना, जिसे अब तक मिल चुके हैं 327 मिलियन व्यूज, सुनकर रो पड़ते हैं आशिक

12 साल पुराना सुपरहिट गाना, जिसे अब तक मिल चुके हैं 327 मिलियन व्यूज, सुनकर रो पड़ते हैं आशिक

 Written By: Priya Shukla
 Published : Aug 19, 2025 02:23 pm IST,  Updated : Aug 19, 2025 02:23 pm IST

12 साल पहले रिलीज हुई मोहित सूरी की फिल्म 'आशिकी 2' की सिर्फ कहानी ने नहीं, गानों ने भी दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बना ली। इस फिल्म को रिलीज हुए 12 साल हो चुके हैं और इसका एक गाना है, जिसकी पॉपुलैरिटी अब तक कम नहीं हुई है।

Shraddha Kapoor- India TV Hindi
गाने के एक सीन में श्रद्धा कपूर। Image Source : YOUTUBE/SCREEN GRAB FROM T-SERIES

मोहित सूरी ने 'एक विलेन', 'हमारी अधूरी कहानी' से लेकर 'आशिकी 2' जैसी रोमांटिक फिल्मों से दर्शकों को प्यार का एहसास देने के साथ-साथ इसे खोने का गम भी महसूस कराया। इन दिनों वह 'सैयारा' को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसके साथ चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे ने डेब्यू किया है। इस फिल्म को रिलीज हुए 1 महीना हो गया है, लेकिन अब भी इसका खुमार दर्शकों के सिर पर छाया हुआ है। फिल्म के गाने भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। इस बीच हम आपको एक ऐसे गाने के बारे में बताते हैं, जो 12 साल पहले रिलीज हुआ था और इसकी पॉपुलैरिटी आज भी कम नहीं हुई है। आज भी इस गाने को लोग रिपीट मोड पर सुनना पसंद करते हैं।

यूट्यूब पर मिले 327 व्यूज

हम बात कर रहे हैं 2013 में रिलीज हुई 'आशिकी 2' के गाने 'तुम ही हो' की, जो आज भी करोड़ों लोगों की पसंद बना हुआ है। जब ये गाना रिलीज हुआ था, इसने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे और अज भी एक बड़ा रिकॉर्ड बनाए हुए है। 2013 में रिलीज हुए इस गाने को अब तक यूट्यूब पर 327 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और आज भी लोग ये गाना बार-बार सुनते हैं, जिसके चलते इसके व्यूज लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं।

श्रद्धा कपूर और आदित्य रॉय कपूर पर फिल्माया गया गाना

ये गाना श्रद्धा कपूर और आदित्य रॉय कपूर पर फिल्माया गया था। तेज बारिश में बीच सड़क पर रोमांस, इस गाने को लेकर दर्शकों के बीच जो क्रेज 12 साल पहले था वो आज भी बरकरार है। जब ये गाना रिलीज हुआ था, इसने ढेरों अवॉर्ड अपने नाम किए थे। ये गाना सिर्फ आशिकी 2 का हिस्सा ही नहीं था, बल्कि इसकी आत्मा भी बन गया। उन दिनों ये सॉन्ग एमटीवी इंडिया के टॉप 20 में लगातार 7 हफ्ते तक नंबर 1 पर रहा था। यही नहीं इस गाने के साथ ही अरिजीत सिंह भी रातों-रात स्टार बन गए और आज देश के सबसे सफल सिंगर बन चुके हैं।

सॉन्ग ने जीते 9 अवॉर्ड

इसकी पॉपुलैरिटी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ये सॉन्ग 12 साल पहले रिलीज हुआ था और आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए है। 2014 में इस गाने को फिल्मफेयर अवॉर्ड फॉर बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर मिला। इसके अलावा इस गाने ने जी सिने, जीमा, मिर्ची म्यूजिक और स्क्रीन जैसे अवॉर्ड भी जीते। इस गाने को कुल मिलाकर 9 अवॉर्ड हासिल किए थे।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन