1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. IIT खड़गपुर से की पढ़ाई, हीरो बनने के लिए छोड़ी माइक्रोसॉफ्ट की नॉकरी, फिर रास न आया बॉलीवुड तो क्रैक कर डाली UPSC परीक्षा

IIT खड़गपुर से की पढ़ाई, हीरो बनने के लिए छोड़ी माइक्रोसॉफ्ट की नॉकरी, फिर रास न आया बॉलीवुड तो क्रैक कर डाली UPSC परीक्षा

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Aug 07, 2025 09:25 am IST,  Updated : Aug 07, 2025 11:46 am IST

फिल्मी दुनिया में आने के बाद ज्यादातर लोग चकाचौंध में उलझकर रह जाते हैं, लेकिन एक एक्टर ऐसा है, जिसने अपनी जिंदगी में तीन बड़े मुकाम हासिल किए। IIT से पढ़ाई के बाद ये शख्स एक्टर बना और फिर UPSC परीक्षा पास की।

Siya Ke Ram, abhay daga- India TV Hindi
'सिया के राम' में अभय डागा। Image Source : STILL FROM SIYA KE RAM TV SHOW

मनोरंजन की दुनिया में कई चेहरे आते हैं, कुछ सितारों की तरह चमकते हैं, कुछ वक्त के साथ फीके पड़ जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे होते हैं जो अपने अलग रास्ते बनाकर हमेशा याद रखे जाते हैं। अभय डागा एक ऐसा ही नाम है। उन्होंने टीवी पर अभिनय कर पहचान बनाई, लेकिन उनकी मंजिल कुछ और ही थी। जहां ज्यादातर कलाकार ग्लैमर की चकाचौंध में ही रह जाते हैं, वहीं अभय ने उस दुनिया को पीछे छोड़कर एक नई मंजिल चुनी। उन्होंने न केवल अपनी एक्टिंग से लोगों का दिल जीता, बल्कि भारत की सबसे कठिन परीक्षा UPSC में 185वीं रैंक हासिल कर IPS अधिकारी बन गए। अभिनय से प्रशासनिक सेवा तक का यह सफर साधारण नहीं था, यह एक ऐसे इंसान की कहानी है जिसने हर मुकाम पर खुद को फिर से गढ़ा। अभय डागा अब एक नई भूमिका में हैं और इस बार पर्दे पर नहीं, असल जिंदगी में देश की सेवा कर रहे हैं।

इस शो से मिली पहचान

अभय डागा ने टीवी पर अपनी पहचान स्टार प्लस के ऐतिहासिक शो ‘सिया के राम’ से बनाई, जहां उनका किरदार दर्शकों को लंबे समय तक याद रहा। मगर उनका सफर सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं था। अभय ने IIT खड़गपुर से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की और फिर माइक्रोसॉफ्ट जैसी वैश्विक कंपनी में साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञ के रूप में काम  करने लगे। तकनीकी क्षेत्र में इतनी सफलता के बावजूद, उनका दिल कला की ओर खिंचता रहा। कॉलेज के दिनों में ही थिएटर में उनकी दिलचस्पी जागी और यहीं से उनके अभिनय का सफर शुरू हुआ। पढ़ाई और टेक करियर के साथ-साथ उन्होंने कैमरे के सामने खुद को साबित किया, यह दिखाते हुए कि जुनून और पेशेवर सफलता एक साथ संभव हैं। अभय की कहानी इस बात का उदाहरण है कि टैलेंट अगर दिशा पाए तो वह हर मंच पर चमकता है।

Abhay Daga actor turned IPS
Image Source : ABHAY DAGA YOUTUBEअभय डागा।

पहले करते थे ये काम

लेकिन अभय डागा की कहानी यहां थमती नहीं, बल्कि यहीं से एक नया अध्याय शुरू होता है। एक ऐसा कलाकार, जिसने अभिनय की दुनिया में पहचान बनाई और तकनीक की दुनिया में भी शानदार मुकाम हासिल किया, फिर एक बिल्कुल अलग दिशा में बढ़ने का निर्णय लेता है। साल 2018 में माइक्रोसॉफ्ट में शामिल होकर उन्होंने साइबर सिक्योरिटी टीम के हिस्से के रूप में भारत में बढ़ते डिजिटल फ्रॉड के खिलाफ काम किया। पर भीतर कुछ और चल रहा था, एक नया सपना आकार ले रहा था। साल 2021 में जब ज्यादातर लोग कोविड में उलझे थे तभी अभय ने सबकुछ छोड़कर एक चुनौतीपूर्ण रास्ता चुना, UPSC की तैयारी। अभिनय और टेक्नोलॉजी की दुनिया के बाद यह उनकी जिंदगी का तीसरा बड़ा मोड़ था, जहां उन्होंने एक बार फिर खुद को परिभाषित करने की ठानी। यह निर्णय सिर्फ करियर का नहीं था, बल्कि देश की सेवा करने के संकल्प का प्रतीक था।

तीसरी बार चुनी नई राह

अभय डागा ने अपने सपनों की पटकथा खुद लिखी और उसे जिया भी। मात्र दो सालों की अथक मेहनत और समर्पण के बाद, उन्होंने 2023 में पहली बार UPSC परीक्षा दी और पूरे देश में 185वीं रैंक हासिल की। यह सिर्फ एक परीक्षा पास करने की कहानी नहीं है, बल्कि यह दिखाता है कि कैसे इंसान अलग-अलग राहों पर चलकर भी एक मजबूत मंजिल तक पहुंच सकता है। जहां अधिकतर लोग एक करियर में टिके रहते हैं, अभय ने तीन मुकाम तय किए एक अभिनेता, एक टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ, और अब एक सिविल सेवक। नवंबर 2024 में उन्होंने हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में ट्रेनिंग शुरू की और 2025 में उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला, हालांकि उनका होम स्टेट महाराष्ट्र है। फिलहाल वे अभिनय से दूर हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन