1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मोहनलाल की 'दृश्यम 3' से बिल्कुल अलग होगी अजय देवगन की फिल्म, विजय सालगांवकर की कहानी में आएगा जबरा ट्विस्ट

मोहनलाल की 'दृश्यम 3' से बिल्कुल अलग होगी अजय देवगन की फिल्म, विजय सालगांवकर की कहानी में आएगा जबरा ट्विस्ट

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 10, 2026 09:57 am IST,  Updated : Sep 10, 2026 09:57 am IST

कई लोग ये कयास लगा रहे हैं कि मोहनलाल की 'दृश्यम 3' से ही अजय देवगन की फिल्म की कहानी मेल खाती होगी, लेकिन एक्टर ने खुद बताया कि ऐसा नहीं होने वाला है। अजय देवगन ने रिलीज से पहले ही साफ कर दिया है कि कहानी बिल्कुल अलग होगी।

Ajay devgn- India TV Hindi
अजय देवगन। Image Source : STAR STUDIOS YOUTUBE

अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उनकी चर्चित क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता है। फिल्म का ट्रेलर 9 सितंबर 2026 को रिलीज किया जा चुका है और इसके साथ ही कहानी को लेकर कई सवाल भी उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अजय देवगन की हिंदी 'दृश्यम 3' वही कहानी दिखाएगी, जो मोहनलाल की मलयालम फिल्म में दिखाई गई है?

अजय देवगन ने साफ किया कहानी का राज

फैंस की इस जिज्ञासा पर खुद अजय देवगन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अभिनेता से जब पूछा गया कि क्या हिंदी वर्जन की कहानी मोहनलाल की 'दृश्यम 3' जैसी है, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि दोनों फिल्मों की कहानी एक जैसी नहीं है। अजय के मुताबिक हिंदी फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी तरह अलग तैयार की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस फिल्म को बनाना टीम के लिए आसान काम नहीं था, क्योंकि मलयालम फ्रेंचाइजी के तीसरे भाग की कहानी भी अलग दिशा में आगे बढ़ रही है। ऐसे में हिंदी वर्जन के लिए एक बिल्कुल नई कहानी तैयार करना अपने आप में बड़ी चुनौती थी।

सिर्फ बदलाव नहीं, पूरी तरह नई कहानी

अजय देवगन ने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि हिंदी 'दृश्यम 3' को मलयालम फिल्म की कहानी में मामूली बदलाव करके तैयार नहीं किया गया है। दोनों फिल्मों की पटकथा अलग है। अभिनेता ने यह भी इच्छा जताई कि मोहनलाल और निर्देशक जीतू जोसेफ उनकी फिल्म जरूर देखें। अजय ने कहा कि अगर मोहनलाल और जीतू जोसेफ को हिंदी फिल्म पसंद आती है और उन्हें उनकी कहानी मंजूर होती है, तो यह उनके लिए बेहद खुशी की बात होगी। उनके इस बयान के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है, क्योंकि विजय सालगांवकर की कहानी इस बार किस दिशा में जाएगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है।

विजय सालगांवकर के सामने फिर होगी नई चुनौती

'दृश्यम' फ्रेंचाइजी की खासियत हमेशा से इसकी सस्पेंस से भरी कहानी और ऐसे ट्विस्ट रहे हैं, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखते हैं। अजय देवगन का विजय सालगांवकर वाला किरदार भी इसी वजह से काफी लोकप्रिय हुआ है। पिछली फिल्मों में अपने परिवार को बचाने के लिए विजय ने जिस तरह पुलिस से मुकाबला किया, उसने दर्शकों को कहानी से जोड़कर रखा। अब तीसरी फिल्म को फ्रेंचाइजी का अंतिम अध्याय बताया जा रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि विजय और उसके परिवार के सामने इस बार किस तरह की परिस्थिति आती है और वह उससे कैसे निकलता है।

2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

अजय देवगन, तब्बू और श्रिया सरन स्टारर 'दृश्यम 3' 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज के लिए गांधी जयंती का दिन चुना गया है। फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर 9 सितंबर को जारी किया गया, जिसने फ्रेंचाइजी के अगले अध्याय को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।

स्टारकास्ट और मेकर्स

फिल्म की कहानी और पटकथा पर अभिषेक पाठक, आमिल कीयन खान और परवेज शेख ने काम किया है। इसका निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले किया गया है। फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इसके अलावा कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी फिल्म का हिस्सा हैं। अब तक 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ताकत इसकी कहानी के रहस्य और अप्रत्याशित मोड़ रहे हैं। तीसरे भाग में कहानी पूरी तरह अलग होने की पुष्टि खुद अजय देवगन कर चुके हैं। ऐसे में 2 अक्टूबर को जब विजय सालगांवकर आखिरी बार बड़े पर्दे पर लौटेगा, तब दर्शकों के सामने इस परिवार और उसके रहस्यों का नया अध्याय खुलने वाला है।

ये भी पढ़ें: फिर खुलेगा विजय सालगांवकर का राज, ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के ट्रेलर में जयदीप अहलावत ने बढ़ाई अजय देवगन की मुश्किलें

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन