1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. NSD से पढ़ाई, फिर भी लगाया ऑमलेट का ठेला, अक्षय कुमार और अजय देवगन के को-स्टार ने ऐसे तय किया बॉलीवुड का सफर

NSD से पढ़ाई, फिर भी लगाया ऑमलेट का ठेला, अक्षय कुमार और अजय देवगन के को-स्टार ने ऐसे तय किया बॉलीवुड का सफर

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jul 16, 2025 07:14 am IST,  Updated : Jul 16, 2025 11:04 am IST

फिल्मों में आना और इंडस्टरी में टिकना जरा भी आसान नहीं है। आज एक ऐसे एक्टर के बार में आपको बताएंगे जिसने एनएसडी से पढ़ाई की, फिर एक्टिंग स्कूल में पढ़ाने के दौरान ठेला लगाने लगे और आज बॉलीवुड के होनहार एक्टर्स में गिने जाते हैं।

Maidaan- India TV Hindi
मैदान की कास्ट। Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड की चकाचौंध हर किसी को लुभाती है। सितारों की चमक, नाम की गूंज, बेशुमार दौलत और शोहरत का खुमार लोगों को इस इंडस्ट्री की ओर खींचते हैं, लेकिन इस चमक को हासिल करना और इंडस्ट्री में पहचान बनाने के साथ एक मुकाम हासिल करना न हर किसी के बस की बात है और न हर किसी का नसीब। खासकर तब जब आप इंडस्ट्री से जुड़े न हों यानी आपका किसी फिल्मी परिवार से नाता न हो तो सफलता का ये सफर और भी मुश्किल हो जाता है। एक ऐसा ही सफर तय किया है इश्तियाक खान ने, जिनकी जिंदगी खुद किसी फिल्म से कम नहीं रही। एक्टर ने लंबे स्ट्रगल के सालों बाद अब इस पर खुलकर बात की और अपनी जर्नी लोगों से साझा की है।

जब "सर" बना ऑमलेट वाला

कभी एक्टिंग स्कूल में छात्रों को थिएटर का हुनर सिखाने वाले इश्तियाक खान को मजबूरी में अंडे का ठेला लगाना पड़ा। डिजिटल कमेंट्री के साथ बातचीत में वो बताते हैं कि एक शाम जब वह अपने ठेले पर ऑमलेट बना रहे थे, तभी उनका एक छात्र वहां आ गया। अपने टीचर को इस रूप में देख वह चौंक गया और इश्तियाक शर्म से पानी-पानी हो गए। उन्होंने अगले दिन स्कूल जाना भी छोड़ दिया, लेकिन जब वही छात्र अगली बार अपने पिता के साथ आया और गर्व से उन्हें अपना टीचर बताया तो इश्तियाक को जीवन की सबसे बड़ी सीख मिली और उन्होंने तय किया कि ईमानदार मेहनत में कभी शर्म नहीं होनी चाहिए।

मुंबई पहुंचकर लगा झटका

नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से ग्रेजुएट होने के बाद भी इश्तियाक का सफर आसान नहीं था। मुंबई जैसे महानगर में उन्हें न केवल संघर्षों से लड़ना पड़ा, बल्कि सामाजिक भेदभाव का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनके गृहनगर में जहां दोस्ती जाति या धर्म नहीं देखती थी, वहीं मुंबई में मुसलमान और दलित होने के नाते उन्हें किराए पर घर तक नहीं दिया जाता था। ये अनुभव उनके लिए सांस्कृतिक झटका था। अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए इश्तियाक बताते हैं कि उनके पास न तो पैसे थे, न साइकिल, लेकिन उनके दोस्त हमेशा उनके साथ खड़े रहे। उनकी साइकिल, स्कूटर, चाय सब कुछ साझा किया, लेकिन कभी एहसान नहीं जताया। उसी माहौल ने उन्हें बेहतर इंसान बनाया। बता दें, इश्तियाक मध्य प्रदेश के पन्ना के रहने वाले हैं। एनएसडी से पढ़ाई करने वाले एक्टर का कहना है कि आज उनके हालात बेहतर हैं और वो अपने परिवार को एक बेहतर जीवन दे रहे हैं। 

यहां देखें वीडियो

पर्दे पर हर किरदार में जान डाल दी

'तमाशा' में रणबीर कपूर के साथ और 'भारत' में सलमान खान के साथ काम करने वाले इश्तियाक को अब फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग पहचान मिल चुकी है। 'तीस मार खां', 'फुकरे रिटर्न्स', 'लूडो', 'जनहित में जारी', 'मैदान', 'खुदा हाफिज चैप्टर 2', और 'जॉली एलएलबी' जैसी फिल्मों में उनका काम सराहा गया है। उन्होंने अजय देवगन, सलमान खान, अक्षय कुमार और राजकुमार राव जैसे सितारों के साथ स्क्रीन शेयर की है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन