1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. ट्रेन से शुरू हुई थी कहानी, लव मैरिज के बाद भी 31 साल से पति से दूर रह रही हैं अलका याग्निक

ट्रेन से शुरू हुई थी कहानी, लव मैरिज के बाद भी 31 साल से पति से दूर रह रही हैं अलका याग्निक

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 19, 2024 08:51 am IST,  Updated : Jun 19, 2024 08:53 am IST

अपने रेयर हियरिंग डिसऑर्डर के बारे में खुलासा करते हुए अलका याग्निक ने एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले जब वह फ्लाइट से उतरीं तो उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें कुछ सुनाई नहीं दे रहा है।

alka yagnik- India TV Hindi
पति नीरज कपूर के साथ अलका याग्निक। Image Source : INSTAGRAM

90 के दशक की मशहूर सिंगर अलका याग्निक ने हाल ही में खुद को लेकर एक ऐसा खुलासा किया, जिसने सबको हैरानी में डाल दिया है। मखमली आवाज की मल्लिका वायरल अटैक की चपेट में आ गई हैं, जिसके चलते वह अपनी सुनने की क्षमता खो बैठी हैं। सिंगर ने खुद सोशल मीडिया पर ये खुलासा किया, जिसने उनके फैंस और सेलेब्स को दुखी कर दिया है। अपने रेयर हियरिंग डिसऑर्डर के बारे में खुलासा करते हुए अलका याग्निक ने एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले जब वह फ्लाइट से उतरीं तो उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें कुछ सुनाई नहीं दे रहा है। उन्होंने जब इसे लेकर डॉक्टर्स से संपर्क किया तो डॉक्टर्स ने उन्हें बताया कि वह वायरल अटैक के कारण अपनी सुनने की क्षमता खो बैठी हैं।

16 भाषाओं में 2000 से ज्यादा गाने गाए

'गली में आज चांद निकला', 'जिंदगी से जंग', 'सन सनाना', 'ये बंधन तो प्यार का बंधन है' सहित अलका ने हिंदी सिनेमा को कई शानदार गाने दिए हैं। अलका ने अपनी सुरीली आवाज में 16 से अधिक भाषाओं में लगभग 2000 गाने रिकॉर्ड किए। अलका भारतीय सिनेमा की सबसे शानदार फीमेल सिंगर्स में गिनी जाती हैं। सिंगर जितना अपनी प्रोफेशनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रही हैं, उतना ही वह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रही हैं। पति नीरज कपूर के साथ अलका याग्निक की लव स्टोरी ने तो खूब सुर्खियां बटोरीं।

मां को अपना गुरु मानती हैं अलका याग्निक

अलका याग्निक का जन्म 20 मार्च 1966 को कोलकाता में एक गुजराती परिवार में हुआ था। अलका की मां शुभा भारतीय शास्त्रीय संगीत की गायिका थीं और उन्होंने ही अलका को संगीत की शिक्षा देना शुरू कर दिया था। अपनी मां के नक्शेकदम पर चलते हुए उन्होंने बहुत कम उम्र में ही गाने में रुचि दिखाना शुरू कर दिया और वह अपनी मां को ही अपना गुरु मानती हैं। अलका याग्निक की लव स्टोरी भी काफी इंटरेस्टिंग और फिल्मी है। सिंगर की लव स्टोरी एक ट्रेन से शुरू हुई थी।

नीरज कपूर से अलका याग्निक की पहली मुलाकात

पति नीरज कपूर से अलका याग्निक पहली बार ट्रेन में मिली थीं और पहली ही नजर में दोनों एक-दूसरे को दिल दे बैठे थे। जब अलका ने अपने घरवालों के सामने नीरज से शादी की बात रखी तो उन्होंने इसके लिए इनकार कर दिया। ऐसे में अलका ने अपने घरवालों के खिलाफ जाकर नीरज कपूर से शादी कर ली। हालांकि, शादी के कुछ साल बाद ही दोनों लॉन्ग डिस्टेंस में रहने लगे। वजह थी दोनों का काम। अलका जहां एक फेमस सिंगर हैं,वहीं नीरज एक बिजनेसमैन हैं। हालांकि, सालों दूर रहने के बाद भी दोनों के बीच की अंडरस्टैंडिंग इतनी शानदार है कि आज भी ये दोनों साथ हैं। जब भी दोनों के पास समय होता है, ये साथ समय बिताने के लिए निकल पड़ते हैं।

अलका के लिए बहुत लकी था 1988

अलका के लिए 1988 काफी खास था। इसी साल 'तेजाब' फिल्म रिलीज हुई थी, जो सुपरहिट रही। माधुरी दीक्षित पर फिल्माया इस फिल्म का गाना 'एक दो तीन' भी सुपरहिट हुआ, जिसे अलका याग्निक ने ही आवाज दी थी। इसी के बाद 1989 में उन्होंने नीरज कपूर से शादी कर ली। अलका और नीरज की एक बेटी भी है, जिसका नाम श्येशा कपूर है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन