हाल ही में दिग्गज गायिका आशा भोसले ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। आशा भोसले के निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं बल्कि पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। अभी बॉलीवुड इस शोक से बाहर भी नहीं आ सका था कि अब बॉलीवुड को एक और बड़ा झटका लगा है। टी-सीरीज के फाउंडर गुलशन कुमार के छोटे भाई दर्शन कुमार का निधन हो गया है। दर्शन कुमार ने 18 अप्रैल को आखिरी सांस ली। इस खबर सामने आने के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री एक बार फिर शोक में डूब गई है। कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए दर्शन कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सिंगर मीका सिंह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
लाइमलाइट से दूर रहे दर्शन कुमार
दर्शन कुमार भले ही टी-सीरीज के फाउंडर गुलशन कुमार के भाई थे। लेकिन, इंडस्ट्री के सबसे रसूखदार परिवार से होने के बाद भी वह हमेशा ही लाइमलाइट से दूर रहे। इस बीच सिंगर मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए दर्शन कुमार के निधन की पुष्टि की और उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए मीका सिंह ने उन्हें एक नेकदिल और मददगार इंसान बताते हुए शोक व्यक्त किया।
मीका सिंह का पोस्ट
मीका सिंह ने लिखा- 'अभी-अभी दिल दहला देने वाली खबर मिली कि टी-सीरीज़ के मालिक दर्शन कुमार जी हमें अपनी प्यारी यादें छोड़कर चले गए हैं। वे सचमुच एक महान व्यक्ति थे और हमेशा मददगार रहे। उन्होंने कई गायकों को आगे बढ़ने का मौका दिया और अनगिनत प्रतिभाओं को अवसर प्रदान किए। माता रानी उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।'
म्यूजिक इंडस्ट्री में योगदान
दर्शन कुमार पंजाबी और रीजनल म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-माना नाम थे। उन्होंने कई नए कलाकारों को प्लेटफॉर्म दिया और नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में अहम योगदान दिया। टी-सीरीज देश की सबसे बड़ी म्यूजिक कंपनियों में से एक है, जिसकी स्थापना गुलशन कुमार ने की थी। गुलशन कुमार की हत्या के बाद उनके बेटे भूषण कुमार ने कंपनी की जिम्मेदारी संभाली और दर्शन कुमार भी इस कंपनी में चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर रहे। फिलहाल दर्शन कुमार के निधन की वजह सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ेंः 'पाकिस्तानी धुरंधर' बना जावेद शेख का शो, खराब एक्टिंग पर उड़ी खिल्ली, लोग बोले- 'महाभारत देखकर हिंदी सीखी?'
रणवीर-दीपिका फिर बनने वाले हैं मम्मी-पापा, बेटी दुआ संग क्यूट अंदाज में कन्फर्म की दूसरी प्रेग्नेंसी