आज दशहरा है और पूरे देश में रावण को जलाकर बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाया जा रहा है। फिल्मी दुनिया में भी रावण दहन के कई सीन्स हमने पर्दे पर देखे हैं। लेकिन साल 2023 में आई फिल्म 'दसारा' ने ऐसा जश्न दिखाया था लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए थे। फिल्म में नानी ने कमाल का किरदार निभाया था और क्लाइमेक्स सीन्स में ऐसा एक्शन था कि पीछे रावण जलता हुआ काफी भव्य लगा था।
कहां देख सकते हैं फिल्म?
दसारा फिल्म को डायरेक्टर श्रीकांत ओडेला ने बनाया था। फिल्म की कहानी श्रीकांत ने थोटा श्रीनिवास के साथ मिलकर लिखी थी। फिल्म में साउथ सुपरस्टार नानी ने अहम किरदार निभाया था। नानी के साथ कीर्थि सुरेश लीड हीरोइन के तौर पर नजर आई थी। साथ ही शाइन टॉम चाको ने भी दमदार किरदार प्ले किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। फिल्म ने 12 अवॉर्ड्स अपने नाम किए थे। फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।
ये थी फिल्म की कहानी
वीरलापल्ली एक छोटा सा गांव है जो कोयला खदानों से घिरा है और यहां के लोग शराब के बिना जीवित नहीं रह सकते, उनका दिन शराब के साथ शुरू और खत्म होता है। धरनी अपना ज्यादातर समय अपने सबसे अच्छे दोस्त सूरी के साथ बिताता है और बचपन से वेनेला से प्यार करता है, जब उसे पता चलता है कि वेनेला सूरी से प्यार करती है तो वह अपने प्यार का त्याग कर देता है। एक साल बाद धरनी और सूरी कोयला चुराकर गुजारा करते हैं इसलिए सूरी और वेनेला के रिश्ते पर उसकी मां आपत्ति जताती है जिसके बाद धरनी वादा करता है कि वह क्रिकेट मैच जीतने के बाद सूरी को गांव के लोकप्रिय सिल्क बार में कैशियर की नौकरी लगवा देगा और अपने वादे पर खरा उतरता है। यह बात गांव के सरपंच शिवन्ना के बेटे नंबी को अच्छी नहीं लगती जो अपने आदमियों को इस नौकरी के लिए चाहता था, जब सूरी और धरनी के साथ उसके आदमियों के बीच बार में झगड़ा होता है तो वह उन्हें जेल में यातना देता है और उससे मिलने जाता है, जहां धरनी और सूरी पर उनके दोस्तों के साथ अज्ञात लोगों द्वारा हमला किया जाता है। धरनी को बचाने की कोशिश करते समय सूरी की मृत्यु हो जाती है, जिससे वह तबाह हो जाता है और वेनेला अपनी शादी के दिन विधवा हो जाती है।