प्रभास की मचअवेटेड फिल्म ‘स्पिरिट’ 2025 से ही लगातार सुर्खियों में है। करीब साल भर पहले दीपिका पादुकोण अचानक से ही इस प्रोजेक्ट से बाहर हो गईं। 'स्पिरिट' से दीपिका के बाहर होते ही तृप्ति डिमरी ने उनकी जगह ले ली। फिल्म से अचानक दीपिका के बाहर होने को लेकर कई तरह के दावे सामने आए, जिनमें एक्ट्रेस की 8 घंटे की शिफ्ट की डिमांड और प्रोफिट में हिस्सेदारी जैसे दावे शामिल थे। फिल्म से दीपिका को बाहर हुए एक साल से ज्यादा हो गया है, लेकिन अब तक ये विवाद नहीं थमा है और अब एक बार फिर इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। हाल ही में संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय रेड्डी वांगा ने दीपिका पादुकोण के फिल्म छोड़ने की वजहों को लेकर कुछ दावे किए, जिसके बाद अब इशारों-इशारों में दीपिका ने भी पलटवार किया है।
दीपिका ने इशारों-इशारों में प्रणय रेड्डी वांगा के दावों पर दी प्रतिक्रिया
दीपिका पादुकोण ने प्रणय रेड्डी वांगा के दावों पर सीधे तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन उन्होंने एक पोस्ट को 'लाइक' करते हुए वांगा ब्रदर्स के दावों पर जरूर प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, प्रणय रेड्डी वांगा ने हाल ही में एक बातचीत के दौरान दावा किया कि 'स्पिरिट' से दीपिका खुद बाहर नहीं हुईं, बल्कि उन्हें बाहर किया गया है। इसकी वजह उनका प्रॉफिट में 10 प्रतिशत हिस्सा मांगना और 8 घंटे की शिफ्ट की मांग करना था। प्रणय रेड्डी के इन दावों को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जाने लगे और दीपिका ने भी इसका समर्थन किया है।
दीपिका पादुकोण का रिएक्शन वायरल
दरअसल, पत्रकार जानवी मनचंदा ने अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट में प्रणय रेड्डी वांगा के दावों पर सवाल खड़े किए हैं और इस पोस्ट को दीपिका ने लाइक किया है। पोस्ट में प्रणय रेड्डी वांगा के हालिया बयान का जिक्र करते हुए लिखा गया कि 'संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय का दावा है कि दीपिका ने स्पिरिट के फायदे में 10 प्रदिशत हिस्सेदारी मांगी थी। मेरे दिमाग में बस ये चल रहा है कि क्या हम भूल गए हैं कि पुरुष स्टार सालों से ऐसा करते आ रहे हैं। जब कोई महिला ऐसा करती है, तो ये खबर क्यों बन जाती है? एक महिला ने डील ठुकरा दी और महिला विरोधी सोच एक महिला की ना को बर्दाश्त नहीं कर सकी।' इस पोस्ट को लाइक करते हुए दीपिका ने अपना समर्थन जाहिर किया है।
प्रणय रेड्डी वांगा ने क्या कहा था?
प्रणय रेड्डी वांगा ने हाल ही में में NTV तेलुगु के साथ बातचीत में दीपिका के 'स्पिरिट' से अलग होने की वजह बताते हुए दावा किया कि इसके पीछे फीस, शूटिंग शेड्यूल, प्रॉफिट में हिस्सा और कुछ अन्य कारण थे। प्रणय रेड्डी वांगा ने बातचीत के दौरान दावा किया कि दीपिका ने फिल्म के प्रॉफिट में 10 फीसदी हिस्सेदारी मांगी थी और फिल्म के बजट के हिसाब से यह डील संभव नहीं थी। यही नहीं, प्रणय ने कहा कि जब टीम ने दूसरे कलाकारों की तलाश शुरू की तो फिल्म से जुड़ी प्राइवेट जानकारी कथित तौर पर लीक होने लगी और ये जानकारी दीपिका के साथ शेयर की गई थी।
दीपिका की आने वाली फिल्में
बता दें, सिर्फ 'स्पिरिट' ही नहीं 'कल्कि' के दूसरे भाग से भी दीपिका बाहर हो चुकी हैं। हालांकि, अब भी उनके पास शाहरुख खान स्टारर 'किंग' और अल्लू अर्जुन स्टारर 'राका' जैसी बिग बजट फिल्में हैं। दूसरी तरफ दीपिका इन दिनों अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी के तीसरे ट्राइमेस्टर में हैं। एक्ट्रेस ने 19 अप्रैल को एक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था। हाल ही में दीपिका ने एक वीडियो शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी पर अपडेट दिया था।
ये भी पढ़ेंः 'दो बच्चों का बाप बनने वाला हूं यार', रणवीर सिंह ने फ्लर्ट कर रही फैन को दिया जवाब, उंगलियों के जेस्चर ने खींचा ध्यान