1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मसूद, दाऊद या ओसामा... कौन है 'धुरंधर' का 'बड़े साहब'? इस दिन सबसे बड़े राज से उठेगा पर्दा

मसूद, दाऊद या ओसामा... कौन है 'धुरंधर' का 'बड़े साहब'? इस दिन सबसे बड़े राज से उठेगा पर्दा

 Written By: Priya Shukla
 Published : Dec 20, 2025 08:27 pm IST,  Updated : Dec 20, 2025 08:27 pm IST

'धुरंधर' की रिलीज को 15 दिन हो चुके हैं और अब भी एक सवाल है जो दर्शकों के दिल और दिमाग में घूम रहा है और वो ये सवाल है कि आखिर 'धुरंधर' का 'बड़े साहब' कौन है, जिसके इशारों पर एसपी असलम से लेकर मेजर इकबाल तक सब नाचते हैं?

Dhurandhar- India TV Hindi
धुरंधर। Image Source : INSTAGRAM/@OFFICIALJIOSTUDIOS

आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' जब से रिलीज हुई है, बॉक्स ऑफिस पर बवंडर बनकर छाई हुई है। हर दिन ये फिल्म पुराने रिकॉर्ड तोड़ रही है और नए रिकॉर्ड बना रही है। 3 घंटे 32 मिनट लंबी इस फिल्म ने उन धारणाओं को भी गलत साबित कर दिया है कि दर्शक ज्यादा लंबी फिल्मों से दूर भागते हैं। ये फिल्म साढ़े तीन घंटे तक दर्शकों को सीट से बांधकर रखने में सफल रही। इसके हर किरदार को भी दर्शकों से खूब प्यार मिल रहा है। फिर चाहे हमजा के किरदार में दिखाई दिए रणवीर सिंह हों, रहमान डकैत बने अक्षय खन्ना या फिर मेजर इकबाल के किरदार में दिखाई दिए अर्जुन रामपाल। इन सबके बीच एक और नाम की काफी चर्चा है और वो नाम है 'बड़े साहब'। धुरंधर अपने पहले भाग के साथ कई रहस्य भी छोड़ गई है, जिनमें से एक 'बड़े साहब' भी है।

कौन है धुरंधर का 'बड़े साहब'?

फिल्म की रिलीज के साथ ही ये सवाल हर तरफ है कि आखिर 'धुरंधर' का 'बड़े साहब' कौन है? वही बड़े साहब, जिसके इशारों पर मेजर इकबाल से लेकर एसपी असलम तक, सारे नाचते हैं। यूं तो मेकर्स इस राज से दूसरे भाग में पर्दा उठाने वाले हैं, लेकिन सोशल मीडिया यूजर अपनी-अपनी थ्योरी के साथ ये अंदाजा लगाने में जुटे हैं कि आखिर फिल्म का बड़े साहब कौन है। क्योंकि, फिल्म के कई किरदार असल किरदारों से प्रेरित हैं, इसलिए दर्शक अंदाजा लगाने लगे हैं कि दाऊद इब्राहिम, मसूद अजहर या फिर ओसामा बिन लादेन में से किसी एक को 'बड़े साहब' के रूप में पेश किया जाएगा।

'बड़े साहब' पर सस्पेंस बरकरार

धुरंधर 2 के मोस्ट अवेटेड एलिमेंट्स में से एक है 'बड़े साहब' का परिचय, एक शक्तिशाली व्यक्तित्व जिसका पहले भाग में जिक्र तो बार-बार जिक्र हुआ, लेकिन सस्पेंस बरकरार है। संजय दत्त द्वारा अभिनीत एसपी चौधरी असलम का किरदार कई बार बड़े साहब का जिक्र करते हुए उसे पर्दे के पीछे से सब कुछ नियंत्रित करने वाला व्यक्ति बताता है। इसके बाद अर्जुन रामपाल द्वारा अभिनीत मेजर इकबाल का किरदार भी मेजर इकबाल का जिक्र करता है। ऐसे में फैंस ने भी इस किरदार को लेकर अटकलें लगाना शुरू कर दिया है।

फैंस की थ्योरी नंबर 1- दाऊद इब्राहिम है 'बड़े साहब'

सोशल मीडिया पर चल रहीं थ्योरीज में सबसे चर्चित थ्योरी यह है कि 'बड़े साहब' दाऊद इब्राहिम हो सकता है। ये अटकलें तब और तेज हो गईं, जब दर्शकों ने कास्ट लिस्ट में दाऊद इब्राहिम का नाम भी देखा। इस किरदार में  अभिनेता दानिश इकबाल नजर आ सकते हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

थ्योरी नंबर 2- मसूद अजहर हो सकता है 'बड़े साहब'

सोशल मीडिया पर चल रही थ्योरीज में 'बड़े साहब' को मसूद अजहर से भी जोड़ा जा रहा है। धुरंधर के शुरुआती सीन में कंधार हाईजैक की घटना को दिखाया गया है, जिसमें आर. माधवन द्वारा अभिनीत अजय सान्याल भारतीय बंधकों की रिहाई के लिए बातचीत करते हैं। ऐतिहासिक रूप से, इसी बातचीत के परिणामस्वरूप मसूद अजहर के साथ अहमद उमर सईद शेख और मुश्ताक अहमद जरगर को रिहा किया गया था। ऐसे में मसूद अजहर का नाम भी सोशल मीडिया यूजर्स की थ्योरी का हिस्सा है।

थ्योरी नंबर 3- ओसामा बिन लादेन होगा पपेट मास्टर

एक तीसरी थ्योरी में ओसामा बिन लादेन का नाम भी लिया जा रहा है, जो पर्दे के पीछे रहते हुए तमाम आतंकी हमलों और पाकिस्तान की राजनीति को कंट्रोल करने वाला हो सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि 'धुरंधर' की कहानी उस समय के इर्द-गिर्द घूमती है जब ओसामा भी जीवित था, इसलिए इस थ्योरी को भी पूरा बल मिल रहा है।

पार्ट 2 में होगा खुलासा

हालांकि, पहले भाग में इस रहस्य से पर्दा नहीं उठाया गया है कि 'बड़े साहब' कौन है, लेकिन फिल्म में दिखाए गए आतंकी नेटवर्क का जो पैमाना है, वह इसमें किसी बड़े नाम के होने की संभावना है। अब दर्शकों को बेसब्री से इस फिल्म के दूसरे भाग का इंतजार है, जो 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

16 महीने में हुई दोनों भागों की शूटिंग

उजैर बलोच का किरदार निभाने वाले एक्टर दानिश पंडोर ने हाल ही में बताया था कि फिल्म की शूटिंग जुलाई 2024 में शुरू हुई हुई थी और अक्टूबर तक दोनों भागों की शूटिंग पूरी हुई। यानी, आदित्य धर ने लगभग 16 महीनों के भीतर दोनों भागों की शूटिंग खत्म कर ली। अब फिल्म का सीक्वल पोस्ट-प्रोडक्शन में है, जिसकी रिलीज के साथ कई बड़े राजों से पर्दे उठने वाले हैं।

ये भी पढ़ेंः फैशनिस्टा हैं अंबानी परिवार की छोटी बहू, मिनी स्कर्ट में दिखे राधिका के ठाठ, मौसी का फर्ज निभाती आईं नजर

दीपिका पादुकोण संग अनबन के बीच संदीप रेड्डी वांगा ने किया 'धुरंधर' का रिव्यू, रणवीर की फिल्म पर कही ये बात

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन