1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. दिलजीत दोसांझ ने बीच में रोका कॉन्सर्ट, देखने लगे बालकनी में लगी भीड़, फिर बोले- 'ये होटल वाले गेम कर गए'

दिलजीत दोसांझ ने बीच में रोका कॉन्सर्ट, देखने लगे बालकनी में लगी भीड़, फिर बोले- 'ये होटल वाले गेम कर गए'

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Nov 19, 2024 11:46 am IST,  Updated : Nov 19, 2024 12:34 pm IST

एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ ने हाल में ही अहमदाबद में एक कॉन्सर्ट किया जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिलजीत दोसांझ ने इस कॉन्सर्ट को बीच में ही कुछ देर के लिए रोका और फिर होटल की बालकनी की ओर देखने लगे।

diljit dosanjh- India TV Hindi
दिलजीत दोसांझ। Image Source : INSTAGRAM

पंजाबी गायक और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में गुजरात के अहमदाबाद में मेगा कॉन्सर्ट किया। वो भारी भीड़ के सामने परफॉर्म करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने कई मजेदार बातें भी की। इसी शो से एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। दरअसल दिलजीत ने चलते शो को कुछ देर के लिए रोका और एक चुटकी लेने के बाद दोबारा गाने लगे। सामने आए वीडियो में दिलजीत दोसांझ बिना टिकट के होटल की बालकनी से उनका शो देख रहे प्रशंसकों से सवाल करते नजर आ रहे हैं। 

दिल जीत ने ऐसे किया रिएक्ट

वीडियो में दिलजीत स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे। बीच में ही उन्होंने सामने की ओर देखा, मुंह खोले खड़े रहे। फिर उन्होंने अपनी टीम को इशारा किया कि वे म्यूजिक बजाना बंद कर दें। फिर सामने की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, 'ये जो होटल की बालकनी में बैठे हैं, आप का तो बड़ा अच्छा व्यू है यार। ये तो होटल वाले गेम कर गए, बिना टिकट ही, हूं?' इसके बाद कैमरा पास के एक होटल की ओर मुड़ा, और कई लोग बालकनी पर बैठे दिलजीत को देख और सुन रहे थे। इसके बाद उन्होंने गाना जारी रखा। इस वीडियो को देखने के बाद लोग मजेदार रिएक्शन दे रहे हैं। एक शख्स ने लिखा, 'दिलजीत दोसांझ, अगली बार होटल बुक करेंगे।' वहीं एक और शख्स ने लिखा, 'उन्होंने टिकट की कीमत से ज्यादा पैसे दिए हैं।' वहीं एक शख्स ने लिखा, 'इससे दिलजीत को बड़ा नुकसान हुआ होगा।'

यहां देखें वीडियो

शो में दिलजीत ने किया वादा

दिलजीत ने अहमदाबाद शो में एक वादा भी किया और शराब के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की इच्छा जताई। दिलजीत ने कहा था कि अगर देश में सभी 'ठेके' (शराब की दुकानें) बंद हो जाएं तो वह शराब-थीम वाले गाने गाना बंद कर देंगे। अहमदाबाद में अपने शो में गायक-अभिनेता ने हैदराबाद में अपने कॉन्सर्ट से पहले भेजे गए नोटिस का जवाब दिया, जिसमें उन्हें शराब, ड्रग्स और हिंसा से संबंधित गाने गाने से बचने का निर्देश दिया गया था। हैदराबाद कॉन्सर्ट से पहले तेलंगाना सरकार से नोटिस मिलने के बाद दिलजीत ने अपने चार्टबस्टर्स लेमोनेड और 5 स्टार के शब्दों में कुछ बदलाव किए हैं, जिनमें मूल रूप से 'दारू' और 'ठेका' का उल्लेख है। शो के दौरान उन्होंने कहा कि वो शराब पर गाने नहीं गाएंगे क्योंकि गुजरात ड्राइ स्टेट है।

दिलजीत के आगामी शो

बता दें, अहमदाबाद के बाद दिलजीत 22 नवंबर को अपने दिल-लुमिनाती टूर को आगे बढ़ाएंगे और वो लखनऊ में परफॉर्म करेंगे। इसके बाद वह 24 नवंबर को पुणे, 30 नवंबर को कोलकाता, 6 दिसंबर को बेंगलुरु, 8 दिसंबर को इंदौर और 14 दिसंबर को चंडीगढ़ में परफॉर्म करेंगे। वह 29 दिसंबर को उनका ये टूर गुवाहाटी में खत्म होगा।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन