1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Valentine's day: समय के फेर को पलट गईं ये 5 लवस्टोरीज, BO पर हुई पैसों की बारिश, 30 साल बाद भी नहीं उतरा खुमार

Valentine's day: समय के फेर को पलट गईं ये 5 लवस्टोरीज, BO पर हुई पैसों की बारिश, 30 साल बाद भी नहीं उतरा खुमार

 Written By: Shyamoo Pathak
 Published : Feb 14, 2025 06:00 am IST,  Updated : Feb 14, 2025 10:39 am IST

Valentine's Day Special: बॉलीवुड में हर साल कई लवस्टोरीज रिलीज होती हैं। लेकिन इनमें से कुछ ही प्रेम कहानियां लोगों के दिलों पर अपनी छाप छोड़ पाती हैं। आज वेलेनटाइन्स डे पर हम आपको बताते हैं बॉलीवुड की 5 ऐसी लवस्टोरीज जिन्होंने न केवल लोगों के दिलों पर छाप छोड़ी बल्कि बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई भी की।

bollywood best love stories- India TV Hindi
बॉलीवुड बेस्ट लवस्टोरीज Image Source : INSTAGRAM

आज शुक्रवार का सूरज प्यार के त्योहार वेलेनटाइन्स के उत्साह से साथ आसमान में नजर आया। वेलेनटाइन्स डे के दिन युवाओं में खासा जोश रहता है। प्रेमी जोड़ों के लिए ये दिन काफी खास है। अगर आप भी प्रेम कहानियों के दीवाने हैं तो आपके लिए इस खास दिन पर हम बताते हैं 5 ऐसी बॉलीवुड लवस्टोरीज जिनकी कहानी ने समय के फेर को पलट दिया। इतना ही नहीं इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर नोटों की इतनी बारिश कराई की प्रोड्यूसर्स मालामाल हो गए। 30 साल बीत जाने के बाद भी इन फिल्मों का खुमार लोगों के सिर से नहीं उतरा है। इनके डायलॉग्स से लेकर किरदार आज भी लोगों के जहन में जस के तस बसे हुए हैं। 

1-दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (Dilwale Dulhania Le Jayenge): शाहरुख खान और काजोल को बॉलीवुड में 30 साल से ज्यादा का समय हो गया है। लेकिन दोनों के करियर में आज भी दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे फिल्म का सबसे बड़ा योगदान है। 1995 में रिलीज हुई ये फिल्म बॉलीवुड लवस्टोरीज की क्वीन बन गई है। इस फिल्म ने न केवल लोगों के दिलों में जगह बनाई बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी नोटों की बारिश कराई। डायरेक्टर आदित्य चोपड़ा की ये फिल्म महज 4 करोड़ रुपयों के बजट से बनी थी। लेकिन इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 103 करोड़ रुपयों से ज्यादा का रहा था। आज भी मुंबई के मराठा मंदिर में इस फिल्म का शो चलता है। फिल्म को यश चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया था। आनंद बख्शी ने लिरिक्स लिखे थे और जतिन-ललित का संगीत था। 

2-राजा हिंदुस्तानी (Raja Hindustani): आमिर खान और करिश्मा कपूर की फिल्म 'राजा हिंदुस्तानी' भी अपनी तरह की एक अनोखी लवस्टोरी रही थी। 11 नवंबर 1996 को रिलीज हुई ये इस फिल्म को धर्मेश दर्शन ने डायरेक्ट किया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की थी। 5 करोड़ 75 लाख रुपयों के बजट से बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 76 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया था। बॉलीवुड में इस फिल्म का भी खासा नाम है। फिल्म के गाने भी सुपरहिट रहे थे और आज भी इसका खुमार लोगों में देखने को मिलता है। इसकी गवाही टीवी पर आने वाली टीआरपी से भी देखा जा सकता है। 

3-'कुछ-कुछ होता है' (Kuch Kuch Hota Hai): बॉलीवुड के सुपरहिट डायरेक्टर करण जौहर की फिल्म 'कुछ-कुछ होता है' 16 अक्टूबर 1998 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ये फिल्म रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई थी। शाहरुख खान, काजोल, रानी मुखर्जी और फरीदा जलाल स्टारर ये फिल्म लोगों को काफी पसंद आई थी। इस फिल्म की लवस्टोरी को 3 पीढ़ियों ने देखा और एंजॉय किया। ये फिल्म आज भी लाखों लोगों की पसंदीदा है। फिल्म को यश जौहर ने प्रोड्यूस किया था। 10 करोड़ रुपयों के बजट से बनी इस फिल्म ने 106 करोड़ रुपयों से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। 

4-'कहो न प्यार है' (Kaho Naa... Pyaar Hai): बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन की फिल्म 'कहो न प्यार है' ने ही उन्हें फिल्मी दुनिया का स्टार बनाया था। इसी फिल्म से अपने करियर की शुरुआत करने वाले ऋतिक की पहली ही लवस्टोरी फैन्स के बीच पॉपुलर हो गई थी। ये लवस्टोरी न केवल लोगों के दिल में जगह बनाने में कामयाब रही थी बल्कि प्रोड्यूसर्स के लिए भी गुडलक साबित हुई थी। 10 करोड़ रुपयों के बजट से बनी ये फिल्म 80 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई करने में सफल रही थी। इस फिल्म के रिलीज को 25 साल हो गए हैं लेकिन फिर भी इसकी पॉपुलरिटी कम नहीं हुई है। इस फिल्म में ऋतिक रोशन के साथ अमीशा पटेल लीड रोल में नजर आईं थीं। फिल्म को ऋतिक पिता राकेश रोशन ने ही डायरेक्ट किया था। 

5-'दिल तो पागल है' (Dil To Pagal Hai): डायरेक्टर यश चोपड़ा की फिल्म 'दिल तो पागल है' 31 अक्तूबर 1997 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर लीड रोल में नजर आए थे। ये लवस्टोरी पहले ही दिन से सुपरहिट रही थी। इस फिल्म की कहानी ने लोगों को खूब दीवाना बनाया। 9 करोड़ रुपयों के बजट में बनी ये फिल्म 71 करोड़ रुपयों से ज्यादा की वर्ल्डवाइड कमाई करने में सफल रही थी। आज भी इस फिल्म को सबसे सुपरहिट लवस्टोरीज में गिना जाता है। फिल्म को यश चोपड़ा ने ही प्रोड्यूस किया था। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन